रांची | मौसम विभाग ने झारखंड के कई हिस्सों में 31 मार्च तक (30 मार्च को छोड़कर) तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र के अनुसार, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

वहीं, राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने और आंधी-बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी, जिसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। यह बदलाव पश्चिम बंगाल के दक्षिणी गंगा क्षेत्र और ओडिशा के उत्तरी हिस्से के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हो रहा है।
कृषि विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका को देखते हुए तैयार फसलों की जल्द कटाई करने, आम के बागानों से गिरे फलों को हटाने और फलों की सुरक्षा के लिए हैलनेट के उपयोग की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा, हालांकि तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 32.8°C और न्यूनतम 19.3°C रहा, जो सामान्य से 1°C अधिक है। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 37.6°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा, जबकि जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 23.2°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और खुले स्थानों से दूर रहें।

