जमशेदपुर | शहर में रसोई गैस की किल्लत और जमाखोरी की शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने गुरुवार को कई इलाकों में औचक छापेमारी की। इस दौरान अवैध गैस रिफिलिंग का एक मामला सामने आया, जिसके बाद संबंधित दुकान को सील कर दिया गया।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर एसडीओ धालभूम अर्णव मिश्रा और एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) राहुल कुमार सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने मानगो, डिमना, टेल्को और सिदगोड़ा क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के कार्यालयों और गोदामों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर, बुकिंग और डिलीवरी व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई।

छापेमारी के दौरान सिदगोड़ा में एक गैस चूल्हा रिपेयरिंग दुकान में अवैध रूप से सिलेंडर रिफिलिंग का मामला पकड़ा गया। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया और संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही।
निरीक्षण के दौरान टीम ने गैस सिलेंडरों के सुरक्षित भंडारण, लाइसेंस और अन्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की। अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों को सभी नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
एसडीओ अर्णव मिश्रा ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जमाखोरी, कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने साफ किया कि इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी, ताकि गैस की आपूर्ति सुचारु बनी रहे और उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।

