चाईबासा | भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में पश्चिमी सिंहभूम जिले के उच्च विद्यालय एवं प्लस टू उच्च विद्यालयों में ईएलसी-2.0 के तहत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के निबंधन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग, शिक्षा विभाग के एपीओ, बीआरपी, सीआरपी, संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक तथा निर्वाचन शाखा के कर्मी शामिल हुए।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में ईएलसी-2.0 के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले के कुल 206 उच्च विद्यालय एवं प्लस टू उच्च विद्यालयों में ईसीआई नेट के माध्यम से निर्वाचन साक्षरता क्लब का निबंधन किया जाना है। अब तक करीब 150 विद्यालयों में ईएलसी का निबंधन किया जा चुका है। शेष विद्यालयों में भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र निबंधन कराने पर जोर दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने जिला शिक्षा कार्यालय के पदाधिकारियों को संबंधित विद्यालयों के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के सभी चिन्हित सरकारी एवं निजी उच्च विद्यालयों तथा प्लस टू उच्च विद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब का निबंधन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर ईएलसी के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना आवश्यक है, ताकि भविष्य के मतदाताओं में लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की बेहतर समझ विकसित हो सके।

कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक
बैठक में बताया गया कि निबंधित निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए नियमित गतिविधियों एवं बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, दर्ज प्रविष्टियों में सुधार कराने, पात्रता के आधार पर मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, मतदाताओं के अधिकार एवं जिम्मेदारियों तथा मतदान के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यालय स्तर से ही युवाओं में निर्वाचन संबंधी जागरूकता विकसित करना और उन्हें भविष्य में जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता के रूप में तैयार करना है।

केवल निबंधन तक सीमित न रहे ईएलसी की गतिविधियां
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि निर्वाचन साक्षरता क्लब केवल निबंधन तक सीमित न रहें, बल्कि सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में इनके माध्यम से नियमित जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं। विद्यार्थियों को मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया से लेकर मतदान के दिन अपनाई जाने वाली प्रक्रिया तक की जानकारी सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को ईएलसी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर निर्वाचन साक्षरता को मजबूत करने से युवा पीढ़ी में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

