सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के स्पष्ट निर्देशों के आलोक में मंगलवार, 21 जनवरी 2026 को अधीक्षक उत्पाद क्षितिज मिंज के नेतृत्व में चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान चांडिल थाना क्षेत्र के नीलकंठ के समीप सोनरोडीह, हमसदा, रोला और जड़िगाड़ीह गांवों में संचालित चार अवैध महुआ शराब भट्टियों पर छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 1100 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विधिसम्मत तरीके से नष्ट कर दिया गया। वहीं, 50 लीटर तैयार चुलाई शराब भी जब्त की गई।
इस संबंध में अवैध शराब अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन अवैध शराब के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रहा है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखते हुए नियमित और औचक छापेमारी अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
21
Jan

