सरायकेला | राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 का शुभारंभ पारंपरिक पूजा-पाठ के साथ सोमवार को हुआ। इस अवसर पर राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र, सरायकेला के प्रेक्षागृह में तीन दिवसीय ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन सदर एसडीओ अभिनव प्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी यश्मिता सिंह तथा निर्णायक मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन सरायकेला शैली के ग्रामीण छऊ नृत्य दलों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें विभिन्न गांवों के कई छऊ नृत्य दलों ने भाग लेकर अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया।

निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार, नवयुवक संघ छऊ नृत्य क्लब भंडारीसाई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं जय मां दुर्गा छऊ नृत्य संघ डूबलाबेरा द्वितीय तथा श्री श्री शिवशक्ति छऊ नृत्य कला केंद्र देवगिरिसाई तृतीय स्थान पर रहा।
निर्णायक मंडल में गुरु तपन कुमार पटनायक, गुरु सुधांशु शेखर पाणी, गुरु सुशांत कुमार महापात्र और गुरु विजय कुमार साहू शामिल रहे।
इस अवसर पर एसडीओ अभिनव प्रकाश ने कलाकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है और छऊ जैसी समृद्ध लोक संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने पुरस्कार से वंचित प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों और निर्णायक मंडल के सदस्यों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर कई गणमान्य लोग, कलाकार और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

