रांची | झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए जारी मतदान के बीच डुमरी से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो ने अपने मतदान को लेकर बड़ा बयान दिया है। विधानसभा पहुंचकर मतदान करने से पहले उन्होंने कहा कि उनका वोट किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के विकास के पक्ष में जाएगा।

मीडिया से बातचीत में जयराम महतो ने कहा कि वे उसी उम्मीदवार का समर्थन करेंगे, जो भविष्य में दिल्ली में झारखंड से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में सहयोग करेगा और राज्य के विकास के लिए बेहतर दृष्टिकोण रखता होगा। उन्होंने कहा कि संवैधानिक व्यवस्था के तहत विधायकों के लिए मतदान करना आवश्यक है, इसलिए वे वोट देने पहुंचे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मतदान अनिवार्य नहीं होता, तो वे किसी के पक्ष में मतदान नहीं करते।

Contact no :- +91 9798542970
जयराम महतो ने खुद को झारखंड विधानसभा का “आजाद पंछी” बताते हुए कहा कि उनकी अंतरात्मा जिस उम्मीदवार का समर्थन करने के लिए कहेगी, वे उसी के पक्ष में मतदान करेंगे।
महागठबंधन द्वारा राज्यसभा चुनाव को झारखंड की प्रतिष्ठा और बाहरी उम्मीदवार के खिलाफ लड़ाई बताए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि परिमल नाथवानी को बाहरी कहना उचित नहीं है। उनके अनुसार, नाथवानी पिछले 12 वर्षों से झारखंड से जुड़े हुए हैं और राज्य के विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।

जब उनसे पूछा गया कि वे किस पक्ष में हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं बाबा बैद्यनाथ धाम की साइड हूं और बाबा बैद्यनाथ खतियानी हैं।”

भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद द्वारा उनके समर्थन को लेकर किए गए दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम महतो ने कहा कि उनके सभी दलों के विधायकों से अच्छे संबंध हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनसे समर्थन मांगा है, लेकिन उनका अंतिम निर्णय किसी दबाव में नहीं, बल्कि अंतरात्मा की आवाज और झारखंड के विकास को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।


