राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर समाहरणालय सभागार में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित

सरायकेला : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों, निर्वाचन कर्मियों एवं नागरिकों को मतदाता प्रतिज्ञा दिलाई गई।
इस अवसर पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं निर्वाचन कार्यक्रम–2025 के अंतर्गत उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से तीन–तीन बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जिसकी मजबूती प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और जिम्मेदार मतदान पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन लोकतंत्र की पहचान है और इसे बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें मतदाता सूची से जोड़ने का निरंतर प्रयास करें। साथ ही फॉर्म-6 (नया पंजीकरण), फॉर्म-7 (विलोपन) और फॉर्म-8 (संशोधन) से संबंधित आवेदनों का नियमानुसार एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची का निर्माण समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही संभव है।
कार्यक्रम के अंत में नए मतदाताओं के बीच ईपीआईसी कार्ड का वितरण किया गया तथा समाहरणालय परिसर से गुब्बारे उड़ाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

By maskal.news

You May Also Like