मंझारी प्रखंड के कई गांवों में बिजली नहीं, ग्रामीणों का विद्युत कार्यालय घेराव

चाईबासा | मंझारी प्रखंड के मेरोमहोनर पंचायत के कई गांवों में आज तक बिजली नहीं पहुंचने के विरोध में ग्रामीणों ने आंदोलन किया। झारखंड बचाओ जनसंघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष माधव चंद्र कुंकल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गांधी मैदान से पदयात्रा करते हुए खप्परसाई स्थित विद्युत कार्यालय का घेराव किया और अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना पर बैठ गए।

Book your slot today : +91 7250214782

जानकारी के अनुसार पताहातु गांव के संग्रामबासा, गालाबासा और नीताबासा, दुनुकुबासा, बुनुमलता गांव के भालूमंडा और चोगोबेडा, पंडरासाली गांव के गोप टोला, गुटूसाईं, टेंगरा गांव के जोबासाईं तथा माइलबेडा गांव सहित कई बस्तियों में अब तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंची है। इसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।

मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष माधव चंद्र कुंकल ने कहा कि पिछले करीब छह वर्षों से इन गांवों में विद्युतीकरण की मांग को लेकर विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों को लगातार जानकारी दी जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

Book your slot today : +91 7250214782

ग्रामीण अजय कुंकल ने कहा कि बिजली नहीं होने से गांव के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं किरोसिन तेल की कीमत इतनी बढ़ गई है कि गरीब परिवारों के लिए इसे खरीदना भी मुश्किल हो गया है।
रेयांश समड ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी मंझारी प्रखंड के इन गांवों तक बिजली नहीं पहुंच पाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

आंदोलन के दौरान विद्युत विभाग के सहायक अभियंता और कार्यकारी संवेदक एल.एन.आर.सी. की ओर से ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया गया कि चार महीने के भीतर सभी छूटे हुए गांवों में विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर दिया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना अनिश्चितकालीन धरना समाप्त कर दिया।

इस आंदोलन में सुशील पूर्ति, थॉमस कुंकल, अजय कुंकल, पालो भूमिज, विनय हेंब्रम, चुनू कुंकल, तुर्रम भूमिज, अनीता कुंकल, विभूति गोप, रोहित पान, विजय हेंब्रम, सूरज गोप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

By maskal.news

You May Also Like