चाईबासा | जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला उपायुक्त Chandan Kumar की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा पीपीटी के माध्यम से की गई।

बैठक के दौरान मातृत्व स्वास्थ्य से संबंधित प्रखंडवार एएनसी (ANC) कवरेज की समीक्षा की गई। समीक्षा में कुमारडुंगी, टोंटो, गोइलकेरा, खूंटपानी और बंदगांव प्रखंडों का प्रतिशत कम पाया गया। उपायुक्त ने संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को छूटे हुए क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

प्रसव सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए डिलीवरी प्वाइंट को सुदृढ़ करते हुए उन्हें एल-1 (L1) प्वाइंट के रूप में विकसित करने तथा आवश्यक उपकरण और सामग्रियों की मांग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
नियमित टीकाकरण की समीक्षा में बताया गया कि जिले में प्रतिरक्षण की उपलब्धि 94 प्रतिशत है। वहीं टोंटो, कुमारडुंगी, खूंटपानी, सोनुआ और जगन्नाथपुर प्रखंडों में अपेक्षाकृत कम उपलब्धि पाई गई। उपायुक्त ने छूटे हुए बच्चों की पहचान कर विशेष अभियान के माध्यम से शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में 108 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल के दौरान जरूरत के अनुसार विभिन्न मदों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा उपलब्ध कराए गए एंबुलेंस का उपयोग करने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अलावा जिले में जरूरत के अनुसार मानवबल, मशीन, उपकरण और सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सदर अस्पताल की नवनिर्मित एक्सटेंडेड बिल्डिंग को सुसज्जित करने के लिए आवश्यक मांग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, डीएमएफटी की टीम, पीरामल फाउंडेशन के सदस्य और World Health Organization के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

