ईचागढ़ क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 11 वाहन जांच में पकड़े गए

सरायकेला-खरसावां : उपायुक्त के निर्देशानुसार शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे ईचागढ़ थाना क्षेत्र के वीरडीह एवं जारगोडीह इलाके में बालू के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ औचक जांच अभियान चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने किया। उनके साथ पुलिस निरीक्षक चांडिल, खान निरीक्षक समीर ओझा, ईचागढ़ एवं चौका थाना प्रभारी तथा स्थानीय पुलिस बल मौजूद थे।
जांच के दौरान बालू लदे वाहनों को रोककर उनके परिवहन से संबंधित कागजात, मात्रा एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों की जांच की गई। इस क्रम में 11 वाहनों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। संबंधित वाहनों के पंजीकरण नंबर हैं—
JH05AN4391, JH05CM0964, JH05CL6211, JH05BR8908, JH05CG8611, JH01BM7176, JH02AT7414, JH01DB5233, JH02AW1529, JH10AV7901 एवं JH16A9226।
मिली जानकारी के अनुसार, इन अनियमितताओं के चलते सभी वाहनों को खनन विभाग के आधिकारिक JIMMS पोर्टल पर लॉक किया जा रहा है। अब संबंधित वाहन स्वामियों द्वारा नियमानुसार जुर्माना राशि जमा किए बिना किसी भी प्रकार का परिवहन चालान जारी नहीं किया जाएगा।
जांच में मुख्य रूप से बिना तिरपाल ढके बालू का परिवहन, वाहन की रजिस्ट्रेशन संख्या मिटाना या छुपाना जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी को भी पत्राचार किया जा रहा है, ताकि मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त व निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।



By maskal.news

You May Also Like