पश्चिम सिंहभूम | चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन परिसर में देर रात पुलिस की सजगता और संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। थाना प्रभारी अवधेश कुमार की तत्परता से 9 बच्चों को संभावित खतरे और बाल श्रम की स्थिति में जाने से बचा लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे थाना प्रभारी की नजर स्टेशन परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रहे कुछ कम उम्र के बच्चों पर पड़ी। संदेह होने पर उन्होंने बच्चों को रोककर पूछताछ की, लेकिन बच्चे अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहे थे।

गहन पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे गोइलकेरा थाना क्षेत्र और टोंटो क्षेत्र के निवासी हैं और काम की तलाश में आंध्र प्रदेश जा रहे थे। बच्चों ने यह भी बताया कि कुल 9 लोगों के समूह में 4 बच्चे नाबालिग हैं, जो पढ़ाई-लिखाई की उम्र में रोजगार के लिए बाहर जा रहे थे।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि बच्चे अधिक पैसे के लालच में बाहर जा रहे थे। हालांकि, समय रहते पुलिस की सक्रियता ने उन्हें सुरक्षित रोक लिया। थाना प्रभारी ने तत्काल सभी बच्चों को अपने संरक्षण में लेते हुए सुरक्षित स्थान पर रखा।
पुलिस प्रशासन द्वारा बच्चों के परिजनों को सूचना दे दी गई है, और सभी बच्चों को सकुशल उनके परिवार के सुपुर्द किया जाएगा।

