जिला

पश्चिमी सिंहभूम में सड़क सुरक्षा के लिए ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण

पश्चिमी सिंहभूम में सड़क सुरक्षा के लिए ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण

चाईबासा : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को जिले में बन रहे ब्लैक स्पॉट्स का संयुक्त निरीक्षण किया गया। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, जिला परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण में जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल चाईबासा के सहायक अभियंता राजाराम दीवाना, पुलिस विभाग के अधिकारी और जिला सड़क सुरक्षा टीम शामिल रहे।

निरीक्षण के प्रमुख स्थल :



मुफ्फसिल थाना क्षेत्र – बादुरी गांव :


यहां लगातार हो रही दुर्घटनाओं का मुख्य कारण तेज रफ्तार पाया गया। अब तक हुई 7 दुर्घटनाओं में दोपहिया, ट्रक और अज्ञात वाहनों की संलिप्तता रही। इस क्षेत्र में रम्बल स्ट्रिप, स्पीड लिमिट संकेतक बोर्ड और NH-220 से जुड़ने वाली ग्रामीण सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की जरूरत बताई गई। साथ ही, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने एवं सड़क सुरक्षा ग्राम समिति बनाने का सुझाव दिया गया।

सदर थाना क्षेत्र – आर.के. जैन पेट्रोल पंप से ओवरब्रिज तक का मार्ग :


इस क्षेत्र में अतिक्रमण, घनी आबादी और भारी ट्रैफिक को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण माना गया। यहां अब तक 9 दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें बस, दोपहिया और ट्रक शामिल रहे। बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन, बस स्टैंड चौक का चौड़ीकरण, दोपहिया और भारी वाहनों पर कड़ा एन्फोर्समेंट तथा सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की जरूरत पर जोर दिया गया।


प्रशासन की कार्रवाई :

प्रशासन का कहना है कि ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाई जा सके। आगे भी सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।

कोटसोना गांव में बिजली बहाल करने की मांग — ग्रामीणों संग विद्युत कार्यालय पहुंचे विजय सिंह सामाड

कोटसोना गांव में बिजली बहाल करने की मांग — ग्रामीणों संग विद्युत कार्यालय पहुंचे विजय सिंह सामाड

चक्रधरपुर : कोटसोना गांव में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने को लेकर ग्रामीणों ने कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी एवं प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह सामाड के नेतृत्व में विद्युत कार्यालय पहुंचकर समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया।

सामाड ने सहायक अभियंता से मुलाकात कर पहाड़ के ऊपर स्थित कोटसोना गांव में जल्द से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य गठन को 25 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक गांव में बिजली नहीं पहुंची, जो चिंता का विषय है। डिजिटल इंडिया की बात तो होती है, लेकिन कोटसोना के ग्रामीण अब भी बिजली से वंचित हैं।

ग्रामीणों ने भी अधिकारियों के समक्ष बिजली नहीं होने से जुड़ी कई समस्याएं रखीं। सहायक अभियंता ने बताया कि गांव का निरीक्षण पहले किया जा चुका है, लेकिन पहाड़ी रास्ते के कारण बिजली बहाल करने में समय लग रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ठेकेदार को पुनः स्थल निरीक्षण के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद कार्य प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि सामग्री की कमी नहीं है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र में सामग्री पहुंचाना चुनौतीपूर्ण है।

मौके पर मौजूद लोग:
युवा जिला सचिव प्रतीक कुमार, बहादुर लोहार, बांगुर हासदा, रमेश हेम्ब्रम, हिटवा लोहार, यादव सामाड, मुचराय सामाड, रामसिंह हेम्ब्रम, चंपाई लोहार, मांगु हेम्ब्रम, श्याम सामाड, मुर्गी हेम्ब्रम, सुभाष लोहार, मनोज सामाड समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

चाईबासा में इंदिरा गांधी की जयंती मनाई गई

चाईबासा में इंदिरा गांधी की जयंती मनाई गई

#पश्चिमी_सिंहभूम  : चाईबासा के कांग्रेस भवन में बुधवार को भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती मनाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी जीवनी पर परिचर्चा की।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की राजनीति में पुरुष वर्चस्व को चुनौती दी। उन्होंने बैंकों और कोयला खदानों का राष्ट्रीयकरण किया, राजाओं के प्रिवी पर्स समाप्त किए, चीन के विरोध के बावजूद सिक्किम का भारतीय गणराज्य में विलय कराया और पाकिस्तान से टुकड़े कर बांग्लादेश का निर्माण किया। इसके अलावा, उन्होंने शिमला समझौते के जरिए कश्मीर मुद्दे का अंतर्राष्ट्रीयकरण रोका और भारत का पहला परमाणु परीक्षण कर देश को गौरवान्वित किया।

कांग्रेसजनों ने कहा कि वर्तमान समय में देश को एकजुट रखने और वैश्विक स्तर पर भारत की ताकत दिखाने के लिए इंदिरा गांधी के मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। उनके तेज निर्णय और आक्रामक नेतृत्व के कारण उन्हें ‘आयरन लेडी’ की उपाधि मिली। उनकी विरासत लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला सचिव जानवी कुदादा, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, शिक्षा विभाग चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष राधा मोहन बनर्जी, प्रखंड उपाध्यक्ष महीप कुदादा मुनी बारी , नितिमा अंगरिया , सुनिता अल्डा , जेमा बोदरा , सोमबारी बोयपाई , दशमाती हेम्ब्रम , सुनीता पाड़ेया , सरोज पुरती , दयमंती पिंगुवा , पानो देवगम , कमला लागुरी , विरंग कुई , सरिता केराई , विजय लक्ष्मी तिरिया , कमला लागुरी , मनीषा तियू और अन्य कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

पीडीएस दुकानदारों को भुगतान में देरी, छह महीने का पैसा अभी तक नहीं पहुँचा

पीडीएस दुकानदारों को भुगतान में देरी, छह महीने का पैसा अभी तक नहीं पहुँचा

चक्रधरपुर : जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के डोर स्टेप डिलीवरी भुगतान को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, बीते लगभग छह महीनों का भुगतान संबंधित एमओ के खाते में आ चुका है, लेकिन पीडीएस दुकानदारों को अभी तक यह राशि नहीं मिली है। वहीं, कुल 18 महीने का भुगतान पहले से ही बकाया चल रहा है।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पवन शंकर पांडे ने कहा कि “जब छह महीने की राशि खाते में आ चुकी है, तो इसे अभी तक पीडीएस दुकानदारों के खातों में क्यों नहीं भेजा गया? यह अत्यंत गंभीर मामला है और तत्काल संज्ञान लेने की आवश्यकता है।”

श्री पांडे ने जिला के संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि डोर स्टेप डिलीवरी से जुड़ी राशि तुरंत पीडीएस दुकानदारों के खातों में हस्तांतरित की जाए, ताकि लंबे समय से भुगतान का इंतजार कर रहे वितरणकर्ताओं को राहत मिल सके। स्थानीय पीडीएस संचालकों में भी भुगतान में हो रही देरी को लेकर नाराजगी बढ़ रही है और वे जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।

धातकीडीह में किसान का धान जलकर राख, अज्ञात व्यक्तियों पर आग लगाने का संदेह

धातकीडीह में किसान का धान जलकर राख, अज्ञात व्यक्तियों पर आग लगाने का संदेह

चक्रधरपुर : धातकीडीह गांव में मंगलवार सुबह बड़ी दुर्घटना हुई। किसान गोपीनाथ महतो के खलियान में रखा धान अचानक आग की चपेट में आ गया। आग और धुएं को देखकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक किसान की महीनों की मेहनत से उपजा सारा धान जलकर राख हो चुका था, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ।

किसान गोपीनाथ महतो का कहना है कि आग किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर लगाई। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद गांव में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।

महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित, छात्र-छात्राओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित, छात्र-छात्राओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

सरायकेला : पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावाँ के निर्देशानुसार कुमार विजय प्रताप सिंह देव बालिका उच्च विद्यालय, सरायकेला में महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी ने किया, जबकि महिला थाना प्रभारी SI कुमारी तिलोत्मा भी इस दौरान उपस्थित रहीं।

अभियान के तहत छात्र-छात्राओं और महिलाओं को महिला अपराधों की जानकारी, पॉक्सो एक्ट, महिला सुरक्षा उपाय, अफीम/गांजा की खेती की रोकथाम, नशा मुक्ति, डायल-112 सेवा, साइबर फ्रॉड टोल फ्री नंबर 1930, बाल विवाह रोकथाम, तथा महिलाओं के कानूनी अधिकार और प्रावधानों के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस सदस्य :

ASI नंदिता बिरुआ

आरक्षी कृपा भेंगरा

आरक्षी अंजली मुर्मू


अभियान का उद्देश्य महिलाओं और युवाओं को सुरक्षा, कानून और अधिकारों से संबंधित महत्त्वपूर्ण जानकारियाँ देकर उन्हें जागरूक एवं सशक्त बनाना था।

टोंटो प्रखंड में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न

टोंटो प्रखंड में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न

चाईबासा : टोंटो प्रखंड के रेंगड़ाहातु पंचायत स्थित ग्राम पालीसाई में कोल्हान स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन परिवहन, राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा, सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, जगन्नाथपुर के एसडीपीओ रफाएल मुर्मू, जिला परिषद सदस्य राज तुबिड और टोंटो थाना प्रभारी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में मंत्री एवं सांसद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता में कुल 48 टीमों ने भाग लिया। विजेता टीम को 60 हजार रुपये और उप-विजेता टीम को 40 हजार रुपये की इनाम राशि प्रदान की गई।

सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताएं ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने खेल के दौरान अनुशासन और धैर्य बनाए रखने की सलाह देते हुए कोल्हान स्पोर्टिंग क्लब को इस आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही बताया कि झारखंड सरकार खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को लेना चाहिए।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में कोल्हान स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष दिनेश कुमार तुम्बलीय, उपाध्यक्ष लखन लागुरी, सचिव करमा सिंह पान समेत प्रकाश लागुरी, दिलीप कुमार लागुरी, रामराई दोरायबुरु, देवाशीष सिधू, मुकुंद लागुरी, रंजीत पान, विनोद लागुरी और विजय सिंह लागुरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

चाईबासा में सड़क सुरक्षा की मांग ने लिया विवाद का रूप, प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से कई परिवार टूटे

चाईबासा में सड़क सुरक्षा की मांग ने लिया विवाद का रूप, प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से कई परिवार टूटे

पश्चिमी_सिंहभूम : चाईबासा में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने ‘नो एंट्री’ लागू करने की मांग सरकार से की थी, लेकिन यह मांग अब गंभीर विवाद में बदल गई है। आरोप है कि सड़क सुरक्षा के मुद्दे को उठाने के बाद पुलिस ने आधी रात में कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया तथा उन पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार अब तक लगभग डेढ़ दर्जन लोग जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि 75 नामजद और 500 अज्ञात लोगों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

इस कार्रवाई का सबसे दर्दनाक प्रभाव उन परिवारों पर पड़ा है जिनके माता-पिता जेल में बंद हैं। कुछ ऐसे बच्चे सामने आए हैं जिनके पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं और मां पिछले महीने से जेल में बंद हैं। इन बच्चों को माता-पिता के जीवित होने के बावजूद पड़ोसियों के सहारे “अनाथों” की तरह जीवन व्यतीत करना पड़ रहा है। उनके चेहरों पर मायूसी और आंखों में दर्द साफ झलक रहा है।

इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर आवाज उठाई गई है। फेसबुक पोस्ट के माध्यम से चंपाई सोरेन ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा की मांग करना अपराध नहीं, बल्कि नागरिक का मौलिक अधिकार है, लेकिन इसके बदले लोगों को दमनकारी कार्रवाई झेलनी पड़ी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि झारखंड में आदिवासियों पर अत्याचार, जमीन कब्जाने के प्रयास और जन आंदोलनों को कुचलने जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि वीर शहीदों के वंशजों तक को सम्मान नहीं दिया जा रहा और सत्ता के नशे में कुछ लोग इन परिवारों को पीड़ा पहुंचा रहे हैं।

सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से सवाल किया है कि सड़क सुरक्षा की मांग करने वालों को अपराधी क्यों माना जा रहा है और इन बेसहारा बच्चों की जिम्मेदारी कौन लेगा? इस मामले में प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज

पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज

राँची : झारखंड हाईकोर्ट के चर्चित अधिवक्ता राजीव कुमार ने राजधानी रांची के डोरंडा थाने में झारखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने डीजीपी तथा उनके सहयोगियों पर आपराधिक और भ्रष्ट गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप लगाया है और सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। राजीव कुमार ने कहा कि यह कार्रवाई झारखंड और देशहित में अत्यंत आवश्यक है।




संगठित अपराध और उगाही के आरोप

शिकायत के अनुसार, पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता ने कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा और अन्य अपराधियों के साथ मिलकर ‘कोयलांचल शांति समिति (KSS)’ नामक आपराधिक संगठन का गठन किया। आरोप यह भी है कि गुप्ता ने डीजीपी पद पर रहते हुए इस संगठन का संचालन किया और कोयला व्यवसायियों, ठेकेदारों, ट्रांसपोर्टरों, डॉक्टरों व बिजनेसमैन से करोड़ों रुपये की अवैध उगाही की।




सुरक्षा को लेकर गंभीर खुलासे

शिकायत में यह भी उल्लेख है कि झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कोयलांचल शांति समिति को पाकिस्तान से हथियार उपलब्ध कराए गए थे और अनुराग गुप्ता ने एक अपराधी के इशारे पर जेल में बंद अपराधी अमन साहू की कथित मुठभेड़ करवाई थी। इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया गया है।




पद का दुरुपयोग और फर्जी एफआईआर का आरोप

राजीव कुमार ने आरोप लगाया कि डीजी, एसीबी और सीआईडी के पद पर रहते हुए गुप्ता ने अपने चहेते अफसरों – डीएसपी मोहम्मद परवेज आलम, मोहम्मद नेहाल और अनिमेष नाथानी की मदद से विरोधियों के खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज करवाई और सरकारी अफसरों व इंजीनियरों से भी उगाही की।

इस कथित भ्रष्टाचार में एसीबी और सीआईडी के कई कर्मियों के शामिल होने का भी जिक्र है, जिनमें अमर कुमार पांडेय, गणेश प्रसाद (इंस्पेक्टर), अनुज महतो, चंदन कुमार, प्रभात दुबे, बीरेंद्र कुमार महतो, दीपक मेहता, महादेव महतो और रंजीत राणा (सिपाही) शामिल हैं।

गेड़ेडीह में सड़क निरीक्षण: मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी न मिलने पर कांग्रेस नेता ने उठाई आवाज

गेड़ेडीह में सड़क निरीक्षण: मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी न मिलने पर कांग्रेस नेता ने उठाई आवाज

पश्चिमी_सिंहभूम : चक्रधरपुर प्रखंड के अंतर्गत मुख्य शीर्ष 4515 अन्य ग्राम विकास कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के अंतर्गत लदुरासाई से भरनियां स्कूल होकर गेड़ेडीह तक सड़क मरम्मती कार्य चल रहा है। यह कार्य ग्रामीण कार्य विभाग, चक्रधरपुर प्रमंडल की देखरेख में संवेदक द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन कार्य की गति काफी धीमी बताई जा रही है। साथ ही मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी भी नहीं दी जा रही है।

शिकायत मिलने के बाद कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी एवं प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह सामाड अपने साथियों के साथ मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि सड़क निर्माण में ओवरसाइज़ गिट्टी का इस्तेमाल हुआ है और मजदूरों से पूछताछ करने पर पता चला कि उन्हें ठेकेदार द्वारा न्यूनतम मजदूरी नहीं दी जा रही है।

श्री सामाड ने कहा कि वे जल्द ही संबंधित विभाग को इस मामले को लेकर लिखित आवेदन देंगे और संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे, ताकि गुणवत्ता पूर्ण सड़क निर्माण हो सके और मजदूरों को उचित मजदूरी मिल सके।

सड़क कार्य की अंतिम तिथि 13 दिसंबर 2024 निर्धारित है। निरीक्षण के दौरान प्रखंड महासचिव बासुदेव मुखी, सुशील सामाड समेत अन्य लोग मौजूद रहे।