चक्रधरपुर | स्थानीय गेस्ट हाउस में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा नवनिर्वाचित जिला पदाधिकारियों एवं प्रखंड अध्यक्षों के सम्मान और स्वागत के लिए एक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने सभी नवदायित्वधारियों का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनता के बीच सक्रिय रहकर कार्य करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में शैलेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठनात्मक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनसरोकार के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने की अपील की।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं प्रखंड अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में योगदान दें।

वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विजय सिंह गागराई ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की वास्तविक शक्ति बताते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही संगठन की सफलता का आधार है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक शशि सामड, जिला एवं मंडल स्तर के कई पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह के दौरान नवदायित्वधारियों का अभिनंदन किया गया और संगठनात्मक मजबूती को लेकर विचार-विमर्श भी किया गया।


