maskal.news

1034 Posts
मझगांव सहित पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों के हमले, दो ग्रामीणों की मौत

मझगांव सहित पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों के हमले, दो ग्रामीणों की मौत

पश्चिमी सिंहभूम : मझगांव प्रखंड सहित अन्य क्षेत्रों में जंगली हाथियों के लगातार हमलों से लोगों में भय का माहौल है। बीते 10 दिनों में जिले में 20 से अधिक लोग इन हमलों में अपनी जान गंवा चुके हैं। कल मझगांव प्रखंड में हाथी हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
नव-नियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने पदभार ग्रहण करते ही पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। हाथी हमले में 19 वर्षीय दामोदर कुलड़ी और जेसीबी ऑपरेटर प्रकाश दास की असामयिक मौत से उनके परिवारों पर गहरा शोक छाया है।
भाजपा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि पार्टी मानव–हाथी संघर्ष के स्थायी समाधान, पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।

बंदगांव प्रखंड में कंबल वितरण कार्यक्रम

बंदगांव प्रखंड में कंबल वितरण कार्यक्रम

बंदगांव : बंदगांव प्रखंड के कराईकेला पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव में पंचायत समिति सदस्य तीरथ जामुदा की ओर से बढ़ती ठंड को देखते हुए 60 असहाय एवं बुजुर्गों के बीच कंबल का वितरण किया गया। कंबल मिलने से जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।

इस मौके पर तीरथ जामुदा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि पंचायत के सभी वार्डों में वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचे, ताकि ठंड के मौसम में किसी को परेशानी न हो। उन्होंने आगे भी जरूरतमंदों की मदद जारी रखने की बात कही।

कंबल प्राप्त करने वाले बुजुर्गों ने पंचायत समिति सदस्य के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बाबूराम बानरा, केदार बानरा, हेमंत कुमार महतो, गोपीनाथ प्रधान, बबलू प्रामाणिक, गणेश प्रधान, विष्णु बोदरा, विद्याधर प्रधान सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

झामुमो नेता हिमांशु राय उर्फ बबलू राय का निधन, जिला समिति ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

झामुमो नेता हिमांशु राय उर्फ बबलू राय का निधन, जिला समिति ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

चाईबासा : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता हिमांशु राय उर्फ बबलू राय के निधन पर झामुमो जिला समिति ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। यह जानकारी झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, श्री राय का निधन आज 10 जनवरी 2026 को सुबह 9:45 बजे चाईबासा रेलवे स्टेशन स्थित उनके आवास पर हुआ। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे।

श्री लागुरी ने बताया कि हिमांशु राय ने झारखंड आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी और झामुमो के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में सामाजिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे एक जुझारू नेता और झारखंड आंदोलनकारी के रूप में जाने जाते थे।

निधन की सूचना मिलते ही झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम सहित जिला समिति के कई नेता उनके आवास पहुंचे और शोक व्यक्त किया। इसके बाद सभी नेता बड़ी बाजार स्थित मुक्तिधाम तक शव यात्रा में शामिल हुए।

शोक व्यक्त करने वालों में मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा माझी, विधायक निरल पूर्ति, जगत माझी, सुखराम उरांव सहित झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

झारखंड पुनरुत्थान अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकू ने स्वरोज़गार कर रही आदिवासी युवती से की मुलाकात, आत्मनिर्भरता को बताया विकास की कुंजी

झारखंड पुनरुत्थान अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकू ने स्वरोज़गार कर रही आदिवासी युवती से की मुलाकात, आत्मनिर्भरता को बताया विकास की कुंजी

चाईबासा : झारखंड पुनरुत्थान अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष श्री सन्नी सिंकू ने आज स्वरोज़गार के क्षेत्र में आगे बढ़ रही एक आदिवासी युवती जुनिता बिरूवा से मुलाकात की। जुनिता बिरूवा सड़क किनारे छोटी स्टॉल/ठेला लगाकर व्यवसाय कर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास कर रही हैं। इस दौरान श्री सिंकू ने उनसे बातचीत कर उनके संघर्ष और प्रयासों की सराहना की तथा किसी भी समस्या में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर श्री सन्नी सिंकू ने कहा कि समाज के लोगों को व्यवसाय के क्षेत्र में आगे आना चाहिए। सड़क किनारे छोटे व्यवसाय के माध्यम से मेहनत कर रहे लोगों को प्रोत्साहन और सहयोग मिलना आवश्यक है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके और समाज का समग्र आर्थिक विकास संभव हो।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के युवाओं, विशेषकर युवतियों, का स्वरोज़गार की ओर बढ़ना एक सकारात्मक संकेत है। ऐसे प्रयासों को समर्थन देकर समाज को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा सकता है।

खरसावां थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की छापेमारी, 261 लीटर अवैध शराब जब्त

खरसावां थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की छापेमारी, 261 लीटर अवैध शराब जब्त

खरसावां : उपायुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर खरसावां थाना क्षेत्र के हरिभंजा गांव में उत्पाद विभाग ने छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान नरेश कुमार मंडल के आवास से 29 कार्टून अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 261 लीटर आंकी गई है। मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

इस छापेमारी दल में अखिलेश कुमार, अवर निरीक्षक उत्पाद (प्रहार बल), सौदागर पंडित, सहायक अवर निरीक्षक उत्पाद, तथा गृह रक्षक बल के जवान दिनेश सरदार, सरदार हेंब्रम एवं अन्य गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे।

नोवामुण्डी में प्रखण्ड स्तरीय स्वास्थ्य मेला 2026 का आयोजन

नोवामुण्डी में प्रखण्ड स्तरीय स्वास्थ्य मेला 2026 का आयोजन

नोवामुण्डी : पश्चिमी सिंहभूम जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नोवामुण्डी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के तहत प्रखण्ड स्तरीय स्वास्थ्य मेला 2026 का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन माननीय विधायक जगन्नाथपुर सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) श्री सोनाराम सिंकु ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

स्वास्थ्य मेले में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर विधायक श्री सिंकु ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि बीमारी की स्थिति में पूजा-पाठ पर निर्भर रहने के बजाय सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अवश्य लेना चाहिए। उन्होंने समय पर इलाज को जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

मेले के दौरान टीबी, फाइलेरिया एवं कुष्ठ रोग से पीड़ित मरीजों के बीच स्वास्थ्य किट का वितरण किया गया। विधायक ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्वास्थ्य स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।

कार्यक्रम में प्रखण्ड प्रमुख श्रीमती पूनम गिलुवा, कांग्रेस प्रखण्ड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, किरीबुरू पूर्वी पंचायत के मुखिया मंगल गिलुवा, महुदी मुखिया लक्ष्मी देवी, पंचायत समिति सदस्य श्रीमती दिव्या जेराई, डॉ. देवाशीष, कांग्रेस नोवामुण्डी प्रखण्ड महासचिव विलास प्रजापति, प्रदीप प्रधान, मोहम्मद जावेद, सुरेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

स्वास्थ्य मेला ग्रामीणों के लिए उपयोगी सिद्ध हुआ और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नोवामुंडी में हाथी हमले के पीड़ित परिवारों से विधायक प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

नोवामुंडी में हाथी हमले के पीड़ित परिवारों से विधायक प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

नोवामुंडी : नोवामुंडी प्रखंड की पंचायत जेटेया अंतर्गत ग्राम बावड़िया मुंडा टोला, बड़ापसिया टोला और डुगुड़ वसा में जंगली हाथी के हमले में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित कुल पाँच लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

शुक्रवार (09 जनवरी 2026) को जगन्नाथपुर के माननीय विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक श्री सोनाराम सिंकु के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों से मिलने गांव पहुँचा। प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें राशन सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही मृतकों के बच्चों की शिक्षा के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस दुख की घड़ी में विधायक श्री सोनाराम सिंकु पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और प्रशासन के माध्यम से हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही विधायक श्री सोनाराम सिंकु ने उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम को अवगत कराया था और स्वयं भी घटनास्थल पर पहुँचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सहायता का भरोसा दिया था।

इस मौके पर नोवामुंडी कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरु, पेटेता मुखिया सह प्रखंड उपाध्यक्ष जेना पुरती, नोवामुंडी युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मामूर अंसारी, प्रखंड महासचिव रंजीत गगराई सहित कई पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।

डोम्बारी बुरू नरसंहार: 126 साल बाद भी जिंदा है शहीदों की याद

डोम्बारी बुरू नरसंहार: 126 साल बाद भी जिंदा है शहीदों की याद

खूंटी : खूंटी जिले स्थित डोम्बारी बुरू में 1900 के ऐतिहासिक नरसंहार के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। 126 वर्ष पहले इसी दिन ब्रिटिश औपनिवेशिक सेना ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए जुटे सैकड़ों निहत्थे आदिवासियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। इस भीषण हमले में पहाड़ी और पास बहती ताजना नदी की सहायक धारा खून से लाल हो गई थी।

यह नरसंहार धरती आबा बिरसा मुंडा के नेतृत्व में चल रहे उलगुलान (महान विद्रोह) के दौरान हुआ। “अबुआ दिशुम, अबुआ राज” के नारे के साथ मुंडा और अन्य आदिवासी समुदायों के लोग डोम्बारी बुरू पर एकत्र हुए थे। ब्रिटिश गुप्तचरों की सूचना पर सेना ने पहाड़ी को घेरकर बिना चेतावनी गोलीबारी और तोपों का इस्तेमाल किया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों तक को नहीं बख्शा गया।

ब्रिटिश रिपोर्ट में जहां 11–12 मौतों का दावा किया गया, वहीं समकालीन अखबारों, लोकगीतों और लोककथाओं में हजारों शहीदों का उल्लेख मिलता है। 1957 की बिहार सरकार की रिपोर्ट में लगभग 200 मौतों का अनुमान लगाया गया है। स्थानीय स्मारक पर हाथीराम मुंडा, सिंगराई मुंडा, हाड़ी मुंडा, मझिया मुंडा सहित कुछ शहीदों के नाम अंकित हैं, जबकि अधिकांश शहीद गुमनाम रह गए।

इस हमले में बिरसा मुंडा बच निकले थे, लेकिन बाद में गिरफ्तार कर रांची जेल में उनकी रहस्यमय मृत्यु हो गई। आज डोम्बारी बुरू पर 110 फीट ऊंचा शहीद स्तंभ और धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित है। हर वर्ष 9 जनवरी को यहां शहीद दिवस मनाया जाता है, जिसमें हजारों लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं।

डोम्बारी बुरू का बलिदान आज भी आदिवासी समाज के संघर्ष और अधिकारों की याद दिलाता है।

आदित्यपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज का एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू

आदित्यपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज का एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू

सरायकेला : स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, आदित्यपुर (सरायकेला–खरसावां) में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के प्रथम बैच का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खुलने से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरायकेला–खरसावां जैसे छोटे जिले में मेडिकल कॉलेज का खुलना सराहनीय कदम है। इससे क्षेत्र में शिक्षा का बेहतर माहौल बनेगा और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। उन्होंने एमबीबीएस के पहले बैच के विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में समाज को उनसे बेहतर चिकित्सक के रूप में सेवा की उम्मीद रहेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और एक मजबूत हेल्थ इको-सिस्टम विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 25 से 30 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, लोकसभा सांसद जोबा मांझी, विधायक दशरथ गागराई, सविता महतो, समीर मोहंती, मंगल कालिंदी, सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह तथा नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह उपस्थित थे।

सड़क सुरक्षा माह के तहत पुरुनियाँ गांव में मुंडा स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

सड़क सुरक्षा माह के तहत पुरुनियाँ गांव में मुंडा स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

पश्चिम सिंहभूम : खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत पुरुनियाँ पंचायत के पुरुनियाँ गांव में परिवहन विभाग, झारखंड (रांची) के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा माह के तहत 10 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से एक दिवसीय मुंडा स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में माननीय परिवहन मंत्री श्री दीपक बिरवा, खरसावां विधानसभा के विधायक माननीय दशरथ गागराई, जिला उपायुक्त, उपविकास आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित ग्रामीण मुंडा, जिला परिषद सदस्य, प्रमुख, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड मेंबर, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। आए दिन हो रहे सड़क दुर्घटनाओं में अनेक लोग अपनी जान गंवा रहे हैं और कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। फुटबॉल खेल के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।