सरायकेला | जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला में शनिवार को रोजगार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न निजी संस्थानों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से युवाओं का चयन किया गया।

जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो ने बताया कि रोजगार शिविर में टैलेंटनेक्सा सर्विसेज लिमिटेड, युवा शक्ति फाउंडेशन, एके इंटरप्राइजेज, पनिहारी इंटरप्राइजेज एवं यूनिक सॉल्यूशन जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं ने भाग लिया। संस्थानों के अधिकारियों ने साक्षात्कार के माध्यम से प्रारंभिक चयन प्रक्रिया पूरी की।

शिविर के दौरान ट्रेनी, एमआईजी वेल्डर, गैस वेल्डर, फिटर, फैब्रिकेटर, सीएनसी, वीएमसी, एचएमसी मशीन ऑपरेटर, सुपरवाइजर, रिगर, ग्राइंडर, आर्क वेल्डर, ऑफिस असिस्टेंट एवं टेलीकॉलर सहित विभिन्न पदों के लिए 25 योग्य अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर, गुजरात एवं चेन्नई स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों में की जाएगी।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने कहा कि जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर द्वारा समय-समय पर रोजगार शिविर एवं रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है, ताकि जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने युवाओं से नियोजनालय में अपना निबंधन कराने तथा भविष्य में आयोजित होने वाले रोजगार शिविरों एवं मेलों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियोजनालय के माध्यम से आयोजित सभी रोजगार शिविरों एवं नियोजन संबंधी सेवाओं की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है।

रोजगार शिविर के सफल आयोजन में जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो, वाईपी (मॉडल कैरियर सेंटर) रवि प्रकाश सिंह, सुरेंद्र रजक, सुजीत सरदार सहित नियोजनालय के अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। शिविर में संबंधित नियोजक संस्थानों के मानव संसाधन (एचआर) प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।


