सरायकेला में राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 के तहत ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता आयोजित

सरायकेला खरसावाँ | सरायकेला स्थित राजकीय छऊ नृत्य कलाकेंद्र के प्रेक्षागृह में बुधवार को राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 के अंतर्गत खरसावां शैली की ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित नृत्य दलों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में भवेश छऊ नृत्य कलाकेंद्र (देहुरिडीह), छऊ नृत्य कलाकेंद्र (खरसावां), मार्शल कलाकेंद्र (जोजोडीह), हर हर महादेव छऊ नृत्य कमिटी (चिलकु) तथा ॐ शंकर क्लब छऊ नृत्य कला समिति (कृष्णपुर) सहित कुल पांच दलों ने भाग लिया।
निर्णायक मंडली द्वारा गहन मूल्यांकन के बाद छऊ नृत्य कलाकेंद्र, खरसावां को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं भवेश छऊ नृत्य कलाकेंद्र, देहुरिडीह को द्वितीय तथा हर हर महादेव छऊ नृत्य कमिटी, चिलकु को तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडली में गुरु नाथू महतो, गुरु रजत पटनायक एवं गुरु तरुण भोल शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने विजेता दलों की घोषणा की तथा निर्णायक मंडली को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिले में कला एवं कलाकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने छऊ नृत्य को क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत बताते हुए इसके संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए सभी कलाकारों और संस्थाओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी परंपरा और साधना का प्रतीक है। कलाकारों की प्रस्तुति समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है, जिससे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में गुरु शुशांत महापात्र, गुरु मनोरंजन साहू, गुरु ब्रजेन्द्र पटनायक, गुरु तपन पटनायक, गुरु विजय कुमार साहू, भोला महंती, कोऑर्डिनेटर सुदीप कबी, संतोष कर, गजेंद्र महंती, रुपेश साहू, कामेश्वर भोल, गणेश महंती, अबिनाश कबी, सुमित महापात्र, नीरज पटनायक, पंकज साहू, कुना सामल, गोपाल पटनायक, सिद्धू दारोगा, बाउरी बंधु महतो, पारस पाथाल, अद्यापदों साहू, राकेश कबी, असित पटनायक, मुन्ना महाराणा सहित अनेक कलाकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By maskal.news

You May Also Like