सरायकेला-खरसावां | सरायकेला में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वस्थ जीवनशैली एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला द्वारा झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर कई न्यायिक पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रामाशंकर सिंह, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय बिरेश कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-प्रथम बी.के. पांडेय, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-द्वितीय दीपक मलिक, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लूसी सोसेन टिग्गा, न्यायिक दंडाधिकारी अनामिका किस्कू, धृति धैर्य, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी आशीष अग्रवाल तथा सचिव तौसीफ मेराज शामिल हुए।

प्रभात फेरी में पारा विधिक स्वयंसेवकों एवं न्यायालय कर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का विषय “स्वस्थ जीवनशैली एवं योग अभियान” रखा गया, जिसमें शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।

इसके साथ ही, जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अपने संबोधन में दैनिक जीवन में योग को अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने में मदद मिलती है।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को स्वस्थ रहने और अच्छी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

