चाईबासा: रंगोत्सव होली के अवसर पर आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सदर अस्पताल, चाईबासा के आपातकालीन कक्ष में नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। यह निर्णय प० सिंहभूम जिला के कांग्रेस प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय द्वारा की गई मांग के बाद लिया गया है।

त्रिशानु राय ने गुरुवार को असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, प० सिंहभूम को पत्र लिखकर होली के दिन नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की मांग की थी। अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया था कि होली के दिन अधिकांश निजी नेत्र चिकित्सालय बंद रहते हैं। रंगों के त्योहार के दौरान यदि किसी के आंखों में रंग चला जाता है, तो तत्काल उपचार की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में नेत्र विशेषज्ञ की अनुपलब्धता के कारण लोगों को अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है।

उन्होंने विशेष रूप से 4 मार्च 2026 को जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल, चाईबासा में नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति जनहित में सुनिश्चित करने की मांग की थी, ताकि आपात स्थिति में स्थानीय स्तर पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

त्रिशानु राय की मांग पर संज्ञान लेते हुए असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, प० सिंहभूम ने सोमवार को पत्र जारी कर होली के दिन सदर अस्पताल, चाईबासा के आपातकालीन कक्ष में नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सक एवं नेत्र सहायक की प्रतिनियुक्ति का आदेश दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, होली के दिन सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक आपातकालीन कक्ष में नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. सेलिन सोसन टोपनो एवं डॉ. मनोज कुमार मुंडा तथा नेत्र सहायक कविता महतो और रमन कुमार उपस्थित रहेंगे।
इस संबंध में जारी पत्र की प्रतिलिपि जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, उपाधीक्षक सदर अस्पताल चाईबासा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी तथा त्रिशानु राय को सूचनार्थ प्रेषित की गई है।

