सरायकेला–खरसावां : नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ छापेमारी और रात्रि गश्ती अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बास्को नगर तथा गम्हरिया थाना क्षेत्र के यशपुर और जिलिंगोडा में छापेमारी की गई। इस दौरान 105 लीटर अवैध चुलाई शराब, 3.6 लीटर अवैध विदेशी शराब और 1500 किलो जावा महुआ बरामद किया गया।

छापेमारी में बास्को नगर से आरोपी विजय जाना और नोगा पिंगुआ उर्फ जेके को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।


