सरायकेला-खरसावां : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन को लेकर मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के नगर निकाय क्षेत्रों में गठित विभिन्न निर्वाचन कोषांगों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान समाहरणालय भवन में संचालित निर्वाचन, सूचना एवं विज्ञान, व्यय, कार्मिक, परिवहन एवं जन शिकायत कोषांगों के साथ-साथ काशी साहू कॉलेज परिसर में स्थापित सामग्री, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांगों की कार्यप्रगति की समीक्षा की गई। इस क्रम में अभिलेख संधारण, आपसी समन्वय तथा दायित्वों के निर्वहन की स्थिति का अवलोकन करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
समाहरणालय भवन में विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों के लिए वार्ड पार्षद, अध्यक्ष एवं महापौर पदों हेतु निर्धारित नामांकन स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। नामांकन कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा, अभ्यर्थियों की सुविधा एवं अभिलेख संधारण की समीक्षा करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
काशी साहू कॉलेज परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर का भी निरीक्षण किया गया, जहां प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम, निर्वाचन सामग्री, सामग्री वितरण वाहनों, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही मतदान कर्मियों की सुविधा, सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त प्रस्तावित मतगणना स्थल की तैयारियों की समीक्षा की गई। मतगणना कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर सरायकेला-खरसावां में प्रशासन अलर्ट

