सरायकेला-खरसावां : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सरायकेला-खरसावां रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में रविवार 31 जनवरी को मासिक लोक अदालत एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिविल जज (सीनियर डिवीजन)-सह-सचिव प्रभारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनामिका किस्कू की देखरेख में संपन्न हुआ।
लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय, सरायकेला तथा अनुमंडलीय न्यायालय, चांडिल में किया गया, जहां मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निपटारे के लिए कुल 10 पीठों का गठन किया गया।
समाचार लिखे जाने तक लोक अदालत के माध्यम से 15 लंबित मामलों का निपटारा किया गया, जिससे ₹86,000 की राजस्व प्राप्ति हुई। वहीं, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से संबंधित 07 मामलों का आपसी सुलह के आधार पर निपटारा किया गया, जिसमें कुल ₹2,78,600 की सेटलमेंट राशि तय हुई। इसके अतिरिक्त आबकारी अधिनियम एवं अन्य मामलों के निपटारे की प्रक्रिया जारी थी।
लोक अदालत में न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक प्रतिनिधियों एवं वादकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल से समय, धन एवं न्यायिक संसाधनों की बचत हुई, जिसे लेकर वादकारियों ने संतोष व्यक्त किया और लोक अदालत की उपयोगिता की सराहना की।
सरायकेला-खरसावां में मासिक लोक अदालत एवं यूनियन बैंक के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन

