कराइकेला सड़क हादसे में मारे गए चार युवकों का अंतिम संस्कार, गांवों में पसरा मातम

खरसावां : कराइकेला (चक्रधरपुर) थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चार युवकों में से तीन की पहचान कुचाई प्रखंड के सेलाइडीह गांव निवासी रवि बिरुली (19), आकाश गोप (19) और अर्जुन टुडू (20) के रूप में हुई है। चौथे मृतक की पहचान खूंटपानी प्रखंड के आंकलकुटी गांव निवासी आकाश कुदादा के रूप में हुई है।
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार रात जब तीनों युवकों के शव गांव पहुंचे, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मंगलवार सुबह सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रवि, आकाश और अर्जुन अपने दोस्त आकाश कुदादा के साथ घूमने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया था कि वे कहां जा रहे हैं। सोमवार दोपहर हादसे में चारों की मौत की सूचना मिलते ही परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
रवि बिरुली एक सप्ताह पहले ही पिता बना था। उसकी पत्नी फूलकुमारी नवजात बेटी को गोद में लिए पति का शव देखकर बेसुध हो गई। रवि मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
आकाश गोप अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था और मजदूरी कर पिता की मदद करता था। वहीं अर्जुन टुडू बाहर राज्य में काम करता था और मकर पर्व मनाने घर आया था। माता-पिता के निधन के बाद वही अपने परिवार का एकमात्र सहारा था।
हादसे में मृत चौथा युवक आकाश कुदादा तमिलनाडु में मजदूरी करता था और मकर पर्व के अवसर पर घर लौटा था। उसने हाल ही में नई बाइक खरीदी थी। बेटे की मौत से उसके पिता बबलू कुदादा और परिजन गहरे सदमे में हैं।
इधर, कोल्हान क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। ओवरस्पीड, हेलमेट न पहनना, ट्रिपल राइडिंग, नशे में वाहन चलाना और युवाओं में स्टंट की प्रवृत्ति दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रही है। प्रशासन के प्रयासों के बावजूद यातायात नियमों की अनदेखी लगातार जानलेवा साबित हो रही है।

By maskal.news

You May Also Like