आदित्यपुर में गौड़ सेवा संघ का 35वां संकल्प दिवस धूमधाम से मनाया गया

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत आदित्यपुर के आसंगी बस्ती में शुक्रवार को गौड़ सेवा संघ का 35वां संकल्प दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गौड़ सेवा संघ के पदाधिकारियों द्वारा समाज के झंडोत्तोलन के साथ की गई। इसके बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस तथा संस्थापक स्व. देवीलाल प्रधान और स्व. चतुर्भुज बारिक के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि मानव एक सामाजिक प्राणी है और समाज में रहकर सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभाना जरूरी है। उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। चंपाई सोरेन ने कहा कि भाषा, संस्कृति और परंपरा ही हमारी पहचान है, इसलिए इसके संरक्षण को लेकर समाज को सजग रहना चाहिए। उन्होंने नशा और जुए को समाज के विकास में बाधक बताते हुए इससे दूर रहने की सलाह दी तथा महिलाओं को समाज के विकास में अहम भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही उन्होंने गौड़ समाज के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि गौड़ सेवा संघ स्टेयरिंग कमेटी के चेयरमैन मारकंडो महाकुड़ ने संगठन की स्थापना से लेकर वर्तमान तक के सफर की जानकारी दी। गौड़ सेवा संघ के अध्यक्ष पितोवास प्रधान ने कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य समाज का सर्वांगीण विकास करना है। इसके लिए गौड़ सेवा संघ द्वारा ‘गौड़ विकास रथ’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जो गौड़ बहुल गांवों में जाकर शिक्षा एवं अन्य विषयों पर लोगों को जागरूक कर रहा है।
गौड़ सेवा संघ के महासचिव भास्कर महाकुड़ ने युवाओं से लक्ष्य पर केंद्रित रहते हुए समाज से जुड़कर समाजहित में कार्य करने की अपील की।
संकल्प दिवस समारोह में कोल्हान समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए और समाज के कल्याण एवं विकास को लेकर आयोजित सामाजिक परिचर्चा में भाग लिया। इस अवसर पर समाज में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि द्वारा समाज की एक स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में गौड़ सेवा संघ के कोषाध्यक्ष चीनीवास प्रधान सहित भास्कर महाकुड़, मायाधर बेहरा, अशोक प्रधान, हरेकृष्ण प्रधान, मुरलीधर प्रधान, नागेश्वर प्रधान, काशीनाथ प्रधान, कृष्णा प्रधान, रंजीत प्रधान, दीपक गिरी, अश्वनी प्रधान, कलाकार गौड़, प्रमेश्वर प्रधान, हेमसागर प्रधान, अभिमन्यु गोप, प्रहलाद गोप, यशवंत प्रधान, जगन्नाथ प्रधान, मनोहर गोप, कमल महाकुड़, राजू प्रधान समेत हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।

By maskal.news

You May Also Like