माध्यमिक व इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

सरायकेला : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास राय, जिला कोषागर पदाधिकारी अपर्णा सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने परीक्षा से जुड़ी तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में माध्यमिक परीक्षा के लिए 42 परीक्षा केंद्रों पर 11,709 परीक्षार्थी एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 30 परीक्षा केंद्रों पर 9,178 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड द्वारा निर्धारित तिथि, समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विधि-व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, समय पालन, परीक्षार्थियों की सुविधा, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित की जाएं।

By maskal.news

You May Also Like