पश्चिमी सिंहभूम में शिक्षा योजनाओं की समीक्षा, छात्रवृत्ति, परीक्षा परिणाम और ई-विद्या वाहिनी पर दिया गया जोर

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय के सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री चंदन कुमार की अध्यक्षता में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना (वित्तीय वर्ष 2025-26) की प्रखंडवार समीक्षा की गई। योजना के तहत कक्षा 1 से 5 के विद्यार्थियों को ₹1500, कक्षा 6 से 8 को ₹2500 तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को ₹4500 वार्षिक सहायता दी जा रही है। जिले में अब तक 765 छात्र-छात्राओं को इस योजना का लाभ दिया गया है। बताया गया कि जिले के 2064 सरकारी विद्यालयों में लगभग 2 लाख 69 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। साथ ही वर्ष 2025-26 में यूनिफॉर्म वितरण तथा वर्ष 2026-27 में स्कूल बैग वितरण से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई।
अर्द्धवार्षिक परीक्षा 2025-26 की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने 33 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की विषय व विद्यालयवार सूची तैयार करने तथा संबंधित विद्यालयों का निरीक्षण कर उत्तरपुस्तिकाओं के अवलोकन का निर्देश दिया। सभी प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया।
ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर छात्रों एवं शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया। लगातार लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों की पहचान कर सेवा संहिता के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च विद्यालयों में इको क्लब गठन, विद्यालयों में आधारभूत संरचना जैसे चारदीवारी, शौचालय, पेयजल, छात्रावास एवं पहुंचपथ की उपलब्धता की समीक्षा की गई और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री टोनी प्रेमराज, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार सहित अन्य शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

By maskal.news

You May Also Like