चाईबासा दुष्कर्म-हत्या मामला: पुलिस ने आरोपी प्रधान पुरती उर्फ पल्टु को किया गिरफ्तार

चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में 25 वर्षीय युवती कुंती पिंगुवा की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड के आरोपी प्रधान पुरती उर्फ पल्टु को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जोगीदारु गांव स्थित तोडांग टोला से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बड़ाजामदा निवासी कुंती पिंगुवा का शव 29 दिसंबर 2025 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जोगीदारा जंगल के पास एक खेत से पुआल में ढंका हुआ बरामद किया गया था। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई गई थी, जिसकी पुष्टि पुलिस जांच में हुई।
गिरफ्तार आरोपी प्रधान पुरती उर्फ पल्टु ने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार किया है। उसने बताया कि उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने के बाद गला दबाकर और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बड़ा लगिया गांव निवासी जयकिशन होनहागा के खेत में फेंक दिया गया था। 30 दिसंबर को खेत मालिक द्वारा पुलिस को शव मिलने की सूचना दी गई, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन और लाल रंग की स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन छानबीन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
छापामारी दल में चाईबासा सदर एसडीपीओ बहामन टुटी, मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

By maskal.news

You May Also Like