चांडिल | झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल पहुंचे। यहां उन्होंने धातकीडीह (कांगलाटांड़) स्थित अपने मामा घर में पारिवारिक परंपरा के अनुसार पारंपरिक रस्म अदायगी की।

इस दौरान परिवार के सदस्यों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी का स्वागत किया। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

हिंदू पारिवारिक परंपरा के अनुसार माता-पिता के निधन के बाद अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात मामा घर जाकर विशेष रस्म निभाई जाती है।

इस परंपरा के तहत पैर धोकर स्वागत करने और भोजन कराने की रस्म शामिल होती है। स्थानीय मान्यताओं में इसे छुतका दूर करने की परंपरा से भी जोड़ा जाता है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन का हाल ही में निधन हो गया था। अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन की पारिवारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ चांडिल स्थित मामा घर पहुंचे और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार रस्म अदायगी की।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए। दौरे के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।


