सरायकेला-खरसावां | जिले में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने गुरुवार को कपाली ओपी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपी परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा लंबित मामलों की स्थिति का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में एसपी ने ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित गश्ती अभियान चलाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी बनी रहेगी।

एसपी ने फरियादियों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि थाने में आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार किया जाए। साथ ही स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान भी मौजूद रहे। एसपी के इस औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ी है और कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

