जमशेदपुर | बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां चाय देने में मामूली देरी पर कुछ युवकों ने एक युवती पर खौलती चाय फेंक दी। इस घटना में युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 8:30 बजे टीएफए ग्राउंड के पास स्थित एक चाय दुकान पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 8 से 10 युवक चाय पीने दुकान पर पहुंचे थे। चाय मिलने में कुछ देर होने पर वे आक्रोशित हो गए और दुकान में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी।

इसी दौरान आरोप है कि एक युवक ने चूल्हे पर रखा खौलती चाय का बर्तन उठाकर दुकान चला रही युवती पर फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी आलोक दुबे ने बताया कि पीड़िता के ठीक होने के बाद उसका बयान लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और आरोपियों को सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से पहचान करने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

