चाईबासा | महादेव कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय सुभाष महाराणा रविवार रात करीब 9 बजे अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान टैगोर पार्क चौक के पास एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुभाष महाराणा असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े और उठने में भी असमर्थ हो गए। वह घायल अवस्था में दर्द से कराह रहे थे।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने मानवीय संवेदना दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अपने वाहन से सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया। अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में मौजूद चिकित्सक डॉ. प्रदीप ने उनका प्राथमिक उपचार किया। जांच में उनके दाहिने पैर के टूटने और अंदरूनी चोट लगने की पुष्टि हुई।

घटना की सूचना मिलने के बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वहीं क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को सुरक्षित रूप से परिजनों के हवाले कर दिया गया। घायल का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में जारी है।
मौके पर स्थानीय लोग मोहित चिरानियां, जीवन वर्मा, देबनाथ सरकार और कृष्णेंदु राय भी मौजूद थे।

