जिला

चक्रधरपुर स्टेशन का नया भवन जनवरी में खुलेगा, यात्रियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएँ

चक्रधरपुर स्टेशन का नया भवन जनवरी में खुलेगा, यात्रियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएँ

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर वासियों और रेल यात्रियों को नए साल में बड़ी सौगात मिलने वाली है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार चक्रधरपुर स्टेशन के नवनिर्मित भवन का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। जनवरी में इस नए भवन को औपचारिक रूप से जनता और यात्रियों को समर्पित किया जाएगा।

नए स्टेशन भवन में यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। दिव्यांगों के लिए फुटओवर ब्रिज पर लिफ्ट की व्यवस्था होगी, जबकि आम यात्रियों के लिए एस्केलेटर लगाए जाएंगे। भवन के अंदर आरक्षण एवं टिकट काउंटर, स्टेशन कार्यालय, पैनल रूम, आरपीएफ कार्यालय, प्रतीक्षालय, भोजनालय और पेयजल की बेहतर सुविधा रहेगी।

स्टेशन के बाहर वाहन पार्किंग की व्यवस्था के साथ झारखंड की संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। नए भवन के घनी आबादी वाले क्षेत्र में होने से यात्रियों को स्टेशन तक पहुँचने में ओवरब्रिज या अंडरब्रिज की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे दूरी भी कम होगी।

पुराने स्टेशन भवन और वीआईपी गेट का भी पुनर्विकास किया जाएगा। इससे सड़क यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होगा। नया स्टेशन भवन चक्रधरपुर की छवि को निखारेगा और यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

टोंटो में अबुआ आवास के लाभुकों का गृह प्रवेश, मंत्री दीपक बिरुवा ने किया शुभारंभ

टोंटो में अबुआ आवास के लाभुकों का गृह प्रवेश, मंत्री दीपक बिरुवा ने किया शुभारंभ

झींकपानी : टोंटो प्रखंड की सिरिंगसिया पंचायत के ग्राम सिरिंगसिया में अबुआ आवास योजना के लाभुक सुशीला लागुरी का गृह प्रवेश गुरुवार को मंत्री दीपक बिरुवा ने कराया। इसके अलावा टोंटो की बड़ाझींकपानी पंचायत और केंजरा के अन्य लाभुकों का भी गृह प्रवेश संपन्न हुआ।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीबों को आवास योजना का लाभ देकर उनका सपना पूरा कर रही है। कार्यक्रम में टोंटो प्रखंड प्रमुख अनिता बारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित कुमार भगत, संबंधित पंचायतों के मुखिया और लाभुक उपस्थित थे।

उपायुक्त ने टोंटो और नोआमुंडी में एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण, नामांकन और सुविधाओं की समीक्षा की

उपायुक्त ने टोंटो और नोआमुंडी में एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण, नामांकन और सुविधाओं की समीक्षा की

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार ने परियोजना निदेशक आईटीडीए जयदीप तिग्गा के साथ एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय टोंटो और नोआमुंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों के छात्रों ने स्वागत गीत गाकर उनका अभिनंदन किया।

टोंटो (पेरेंट) परिसर से हाटगम्हरिया (सिस्टर) और नोआमुंडी (पेरेंट) परिसर से मनोहरपुर (सिस्टर) एकलव्य विद्यालयों का संचालन हो रहा है। टोंटो और हाटगम्हरिया में कक्षा 6, 7 और 8 के लिए कुल 180 छात्रों का नामांकन हो चुका है, जबकि नोआमुंडी और मनोहरपुर में 81 छात्रों का नामांकन हुआ है। नामांकन प्रक्रिया जारी है और सभी आवेदकों को कक्षाएं शुरू होने की सूचना दे दी गई है। सिंहभूम प्रमंडल के अन्य जिलों से भी छात्र प्रवेश ले रहे हैं।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 11 नए एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय शुरू किए जा रहे हैं, जिनमें पांच पेरेंट और पांच सिस्टर विद्यालय शामिल हैं। अध्यापन कार्य शुरू करने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं, छात्रावास, रसोई और डाइनिंग हॉल का जायजा लिया। साथ ही छात्रों के सुरक्षित आवास, पौष्टिक भोजन और स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासीय विद्यालयों में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था की समीक्षा की और छात्रों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। टोंटो-हाटगम्हरिया में 8 अतिथि शिक्षक और 13 चतुर्थ वर्ग कर्मी तथा नोआमुंडी-मनोहरपुर में 10 अतिथि शिक्षक और 10 चतुर्थ वर्ग कर्मी प्रतिनियुक्त हैं। जिन अतिथि शिक्षकों ने योगदान नहीं दिया है, उनके स्थान पर प्रतीक्षा सूची से नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।

विद्यालयों में रहने, खाने और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री जैसे खाद्य पदार्थ, बर्तन, पठन-पाठन सामग्री, कंबल और चादर की आपूर्ति पूरी कर ली गई है। नामांकन बढ़ने के साथ छात्रों की पोशाक और किताबों की आपूर्ति के लिए भी आदेश जारी कर दिए गए हैं।

खरसावां विधायक ने मुख्यमंत्री से सड़क सुधार योजना पर की मुलाकात

खरसावां विधायक ने मुख्यमंत्री से सड़क सुधार योजना पर की मुलाकात

खरसावां : खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने गुरुवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। उन्होंने खरसावां–कुचाई–दलभंगा मार्ग की राइडिंग क्वालिटी सुधारने के लिए योजना को स्वीकृति देने का आग्रह किया। विधायक ने बताया कि 21 करोड़ रुपये की प्राक्कलित लागत वाली यह योजना विभाग में विचाराधीन है। उनके अनुसार, सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। बैठक में विधायक ने अन्य सड़कों के जीर्णोद्धार की मांग भी रखी और क्षेत्र की समस्याओं की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

झारखंड स्थापना दिवस पर चक्रधरपुर में साइकिल रैली: उपायुक्त ने दिया एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

झारखंड स्थापना दिवस पर चक्रधरपुर में साइकिल रैली: उपायुक्त ने दिया एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

चक्रधरपुर : झारखंड राज्य के 25वें स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर “Know Your Tourist Place” कार्यक्रम के तहत गुरुवार को चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय से साइकिल रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व जिला दंडाधिकारी-cum-उपायुक्त चंदन कुमार ने किया।

Group of Cyclists की यह रैली शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय कर केरा मंदिर तक पहुँची। उपायुक्त चंदन कुमार ने स्वयं साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण और एकता का संदेश दिया। उन्होंने राज्य की 25वीं वर्षगांठ पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रशासन विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रैली में अनुमंडल पदाधिकारी पोड़ाहाट-चक्रधरपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी समेत कई विभागीय अधिकारी और साइकिल प्रेमी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जन सहभागिता को प्रोत्साहित करना था।

मनोहपुर में 14 नवंबर को आठ घंटे बिजली कटौती

मनोहपुर में 14 नवंबर को आठ घंटे बिजली कटौती

मनोहपुर : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 नवंबर 2025 (शुक्रवार) को 33/11 केवी मनोहपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

यह कटौती 11 केवी के दो ब्रेकरों के अधिष्ठापन और मरम्मती कार्य के कारण की जाएगी। इस दौरान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी।

प्रभावित क्षेत्र:
मनोहपुर, मनोहपुर बाजार, छोटानागरा, जराइकेला, पोटका और पोसीता।

विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि आवश्यक कार्य समय से पहले पूरा कर लें। यह कार्य विद्युत प्रणाली को अधिक सुदृढ़ और सुरक्षित बनाने के लिए किया जा रहा है।

आपात स्थिति में संपर्क:

मनोहपुर कॉल सेंटर: 9430737846

सहायक विद्युत अभियंता, चक्रधरपुर: 9431135942

खेती-बाड़ी और विरासत के संरक्षण में जुटे एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धी. रामहरि पेरियार

खेती-बाड़ी और विरासत के संरक्षण में जुटे एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धी. रामहरि पेरियार

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला के मंझारी प्रखंड अंतर्गत दुदुर पहाड़ी क्षेत्र का ग्राम मेरोम होनर पातासाई इन दिनों खास चर्चा में है। यहां एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष तथा रांची लोकसभा और ईचागढ़ विधानसभा से चुनाव लड़ चुके धी. रामहरि पेरियार इन दिनों अपनी पैतृक भूमि पर लौटकर खेती-बाड़ी में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

गांव के आसपास इन दिनों धान की फसल कटाई और भंडारण का काम तेजी से चल रहा है। किसान खेतों से धान उठा कर साफ-सफाई के बाद बोरे में भर रहे हैं। मेहनती साथियों की लगन और सामूहिक प्रयासों से अधिकांश घरों में अब एक साल का अनाज व्यवस्थित रूप से सुरक्षित हो चुका है।

इसी बीच धी. रामहरि पेरियार ने अपनी व्यस्त राजनीतिक और सामाजिक जीवन से समय निकालकर अपनी विरासत में मिली संपत्ति को संवारने और खेती-बाड़ी की देखरेख पर विशेष ध्यान दिया है। वे स्वयं खेतों का निरीक्षण कर रहे हैं और ग्रामीणों के साथ खेती की योजनाओं पर चर्चा भी कर रहे हैं।

धी. पेरियार का कहना है खेती केवल अन्न उत्पादन का माध्यम नहीं, बल्कि यह हमारी परंपरा, जड़ों और आत्मनिर्भरता की पहचान है।
    उनका यह कदम न सिर्फ ग्रामीण समाज में जागरूकता और आत्मनिर्भरता का संदेश देता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि नेतृत्व तभी सार्थक है जब वह अपनी जड़ों से जुड़ा रहे।

खरसावां थाना कांड संख्या 75/2025 का त्वरित उद्भेदन, तीन आरोपी गिरफ्तार — दंपति का दफनाया गया शव बरामद

खरसावां थाना कांड संख्या 75/2025 का त्वरित उद्भेदन, तीन आरोपी गिरफ्तार — दंपति का दफनाया गया शव बरामद

खरसावां : खरसावां थाना क्षेत्र के कांड संख्या 75/2025 (दिनांक 12.11.2025) में दर्ज अपहरण और हत्या मामले का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर लिया है।
आवेदक भीम सरदार (उम्र 20 वर्ष), निवासी– साधे चैतनपुर, ने अपने माता–पिता के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों —

1. लोथो सरदार, पिता स्व. बुधन सरदार


2. गोन्दो सरदार, पिता स्व. मंगल सरदार


3. बुन्दिया सरदार, पिता स्व. चाड़ा सरदार
(सभी निवासी चैतनपुर, थाना खरसावां)
— को गिरफ्तार किया।



पूछताछ में तीनों आरोपियों ने ठाकुर सरदार (उम्र लगभग 46 वर्ष) और उनकी पत्नी चांदमनी मुंडा (उम्र लगभग 41 वर्ष) की हत्या कर शव को दफनाने की बात स्वीकार की।
आरोपियों की निशानदेही पर दोनों शव रायजामा पहाड़ के पंडीलोया स्थित चैतनपुर टोला के जंगल से बरामद किए गए।

हत्या का कारण खेतों में पानी रुकवाने को लेकर चल रहा विवाद बताया गया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी:

1. लोथो सरदार


2. गोन्दो सरदार


3. बुन्दिया सरदार
(सभी – चैतनपुर, थाना खरसावां)



छापामारी दल:

समीर सवैया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला

नितिन कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक सरायकेला अंचल

गौरव कुमार, थाना प्रभारी खरसावां

रमन कुमार विश्वकर्मा, प्रभारी आमदा ओपी

प्रकाश कुमार, एएसआई

आनंद कुमार, नगेन्द्र सिंह मुंडा, सअनि

खरसावां सेट टीम

रिजर्व गार्ड खरसावां

आरक्षी 604 ठाकुर हेम्ब्रम

सरायकेला-खरसावां में ‘प्रहरी’ पहल के तहत एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान संचालित

सरायकेला-खरसावां में ‘प्रहरी’ पहल के तहत एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान संचालित

सरायकेला-खरसावां : “प्रहरी” पहल के तहत पुलिस अधीक्षक सराइकेला-खरसावां के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला/चाण्डिल के नेतृत्व में जिले के सभी अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, ड्रंक एंड ड्राइव, रेस ड्राइविंग तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना था। सभी थाना क्षेत्रों में गहन जांच की गई।

25 साल बाद भी पिछड़ा पश्चिमी सिंहभूम: पाँचों विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य ठप

25 साल बाद भी पिछड़ा पश्चिमी सिंहभूम: पाँचों विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य ठप

पश्चिमी सिंहभूम : झारखंड के गठन को 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन पश्चिमी सिंहभूम जिला आज भी बुनियादी विकास से वंचित है। झामुमो और कांग्रेस के लंबे शासन के बावजूद जिले की पाँचों विधानसभा—चाईबासा, मंझगांव, जगन्नाथपुर, चक्रधरपुर और मनोहरपुर—जन समस्याओं से जूझ रही हैं।

चाईबासा विधानसभा, जहाँ झामुमो के विधायक और वर्तमान मंत्री दीपक बिरूआ प्रतिनिधित्व करते हैं, जिला मुख्यालय होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी से परेशान है। शहर में ट्रैफिक अव्यवस्था और “नो एंट्री” को लेकर हाल ही में बड़े आंदोलन हुए। मेडिकल कॉलेज, सड़क और जलनिकासी जैसी योजनाएँ अधर में पड़ी हैं।

जगन्नाथपुर विधानसभा में कांग्रेस विधायक सोनाराम सिंकू के प्रति जनता की नाराज़गी बढ़ रही है। खनिज संपदा से भरपूर इस क्षेत्र में सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के अभाव को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

मनोहरपुर विधानसभा में वर्षों से मांझी परिवार का दबदबा है, लेकिन वाइल्ड सेंचुरी घोषित होने के बाद आदिवासी समुदाय बेहद नाराज़ है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और रोजगार की स्थिति खराब है।

चक्रधरपुर विधानसभा में झामुमो विधायक सुखराम उरांव दूसरी बार चुने गए हैं, लेकिन शिक्षा, रोजगार और रेलवे क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को अब तक कोई ठोस अवसर नहीं मिला।

मंझगांव विधानसभा में निरल पूर्ति कई बार विधायक रहने के बावजूद एक भी कॉलेज या टेक्निकल शिक्षा केंद्र नहीं बन पाया। स्वास्थ्य सेवाओं का हाल भी जर्जर है।

पश्चिमी सिंहभूम का सबसे बड़ा मुद्दा यह है कि पाँचवीं अनुसूची, वन अधिकार पट्टा और पेसा कानून के तहत मिलने वाले संवैधानिक अधिकार आज भी कागज़ों में सिमटे हुए हैं। ग्राम सभाओं की शक्ति और जल-जंगल-जमीन पर स्वामित्व लगातार कमजोर किया गया है। वर्षों तक सत्ता में रहे सांसदों और विधायकों पर जनजातीय हितों की उपेक्षा का आरोप लग रहा है।

अब आदिवासी जनता सवाल पूछ रही है — “हमारे संवैधानिक अधिकार हमें कब मिलेंगे?”

— जितेंद्र नाथ ओझा