जिला

खरसावां को फूल नहीं, खून का हिसाब चाहिए, कुआँ खोदकर हो DNA जाँच, तभी साबित होगी आदिवासी हितैषी सरकार:- धी रामहरि पेरियार

खरसावां को फूल नहीं, खून का हिसाब चाहिए, कुआँ खोदकर हो DNA जाँच, तभी साबित होगी आदिवासी हितैषी सरकार:- धी रामहरि पेरियार

चाईबासा : एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष सह लोकसभा एवं विधानसभा प्रत्याशी रहे धी. रामहरि पेरियार ने गुरुवार को सरायकेला–खरसावां जिला अंतर्गत खरसावां स्थित शहीद स्थल पर पहुँचकर खरसावां गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खरसावां गोलीकांड में 35 शहीदों पर सरकारी मुहर लगी, लेकिन आजादी के 77 वर्षों बाद भी सिर्फ 2 परिवारों को ही सरकारी संवेदना मिली। शेष 33 शहीद आज भी सरकारी ताले में बंद हैं। यह कोई प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश है, आदिवासी शहादत को इतिहास से मिटाने की साजिश।
       धी. पेरियार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि वर्तमान अबुआ सरकार वास्तव में आदिवासी हितैषी है, तो केवल मंच से भाषण देने, पुष्प अर्पित करने और औपचारिक संवेदना जताने से काम नहीं चलेगा। सरकार को खरसावां शहीद स्थल का कुआँ खुदवाकर सभी अस्थियों को बाहर निकालना होगा, DNA जाँच करानी होगी और शहीदों की पहचान कर उनके वास्तविक परिजनों तक पहुँचना होगा। तभी यह सरकार आदिवासियों की उम्मीदों की सरकार कही जाएगी।
        उन्होंने कहा कि खरसावां कोई प्रतीकात्मक स्मारक नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, संघर्ष और बलिदान का रक्तरंजित इतिहास है। जब तक 33 अज्ञात शहीदों के नाम उजागर नहीं होते, उनके परिवारों को न्याय, सम्मान और अधिकार नहीं मिलता, तब तक हर सरकार कटघरे में खड़ी रहेगी।
      धी. रामहरि पेरियार ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि खरसावां को फूल नहीं, खून का हिसाब चाहिए।
अब समय आ गया है कि अबुआ सरकार सच्चाई से भागना बंद करे और ऐतिहासिक अन्याय को स्वीकार कर उसे सुधारने की दिशा में ठोस कदम उठाए।
      उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार अविलंब एक स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन करे, DNA परीक्षण की प्रक्रिया शुरू करे और शहीद परिवारों को शहीद का दर्जा, मुआवजा तथा सामाजिक सम्मान सुनिश्चित करे।

खरसावां शहीद दिवस पर मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान

खरसावां शहीद दिवस पर मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान

खरसावां : खरसावां शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खरसावां गोलीकांड के शहीदों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिस तरह गुवा गोलीकांड के शहीदों की पहचान कर उन्हें सम्मानित किया गया, उसी तर्ज पर खरसावां गोलीकांड के शहीदों की भी पहचान की जाएगी और अगले वर्ष इसी मंच से उन्हें सम्मान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद वेदी पर पहुंचकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जहां पूरी दुनिया में नया साल उत्सव के रूप में मनाया जाता है, वहीं खरसावां में यह दिन शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। जब लोग जश्न मना रहे होते हैं, तब खरसावां में शहीदों को नमन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड का शहीदी इतिहास अत्यंत गौरवपूर्ण और संघर्षपूर्ण रहा है। आदिवासी समाज ने अपनी जमीन, जंगल और संसाधनों की रक्षा के लिए लंबे संघर्ष किए हैं। इस दौरान कई लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी और कई ने जेलों में यातनाएं सहीं।
मुख्यमंत्री ने खरसावां गोलीकांड को आजादी के बाद की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि जब देश आजादी का जश्न मना रहा था, उसी समय खरसावां में निर्दोष लोगों पर गोलियां चलाई गईं। उन्होंने कहा कि हमें उन वीर सपूतों पर गर्व है जिन्होंने कभी हार नहीं मानी।
मुख्यमंत्री ने संथाल परगना आंदोलन, बिरसा मुंडा के संघर्ष सहित अन्य आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सभी आंदोलनों का उद्देश्य अपनी पहचान, संस्कृति और संसाधनों की रक्षा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार शहीदों की पहचान कर उन्हें सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है और यह कार्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।

खरसावां शहीद दिवस पर सांसद कालीचरण मुंडा ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

खरसावां शहीद दिवस पर सांसद कालीचरण मुंडा ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

खरसावां : खरसावां शहीद दिवस के अवसर पर खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा खरसावां शहीद स्थल पहुंचे और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और शहीदों के बलिदान को झारखंड के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया।

इस मौके पर सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि खरसावां के शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानियों से झारखंड की अस्मिता और पहचान को मजबूती मिली है। उन्होंने युवाओं से शहीदों के संघर्ष और त्याग से प्रेरणा लेने की अपील की।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी वर्ग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

1 जनवरी से चक्रधरपुर रेल मंडल में तीन नई मेमू ट्रेनों का परिचालन शुरू

1 जनवरी से चक्रधरपुर रेल मंडल में तीन नई मेमू ट्रेनों का परिचालन शुरू

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 1 जनवरी से कई नई मेमू ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा है। इसके तहत टाटानगर–चाईबासा, टाटानगर–चाकुलिया और हावड़ा–पुरुलिया रेलखंड पर एक-एक जोड़ी नई मेमू ट्रेनें चलाई जाएंगी।
टाटानगर–चाईबासा के बीच मेमू ट्रेन संख्या 68137 टाटानगर से रात 8:55 बजे प्रस्थान कर रात 11:00 बजे चाईबासा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 68138 चाईबासा से सुबह 3:20 बजे रवाना होकर सुबह 5:45 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
टाटानगर–चाकुलिया के बीच भी एक जोड़ी नई मेमू ट्रेन का संचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 68128 रविवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे टाटानगर से प्रस्थान कर दोपहर 12:45 बजे चाकुलिया पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 68127 शनिवार को छोड़कर प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे चाकुलिया से रवाना होकर शाम 5:00 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
इसके अलावा हावड़ा–पुरुलिया रेलखंड पर भी 1 जनवरी से नई मेमू ट्रेन चलाई जाएगी। हावड़ा–पुरुलिया मेमू शुक्रवार को छोड़कर प्रतिदिन शाम 4:15 बजे हावड़ा से प्रस्थान कर रात 11:55 बजे पुरुलिया पहुंचेगी। वहीं पुरुलिया–हावड़ा मेमू शनिवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 11:40 बजे पुरुलिया से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:00 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

खरसावां शहीद दिवस की तैयारियों की समीक्षा, उपायुक्त व एसपी ने किया स्थल निरीक्षण

खरसावां शहीद दिवस की तैयारियों की समीक्षा, उपायुक्त व एसपी ने किया स्थल निरीक्षण

खरसावां : आगामी 1 जनवरी 2026 को खरसावां शहीद स्थल पर आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री, भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित कई मंत्री एवं विधायकगण के संभावित आगमन के मद्देनज़र उपायुक्त सरायकेला–खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुणायत ने संयुक्त रूप से शहीद पार्क, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तथा अर्जुना स्टेडियम परिसर में निर्माणाधीन हेलीपैड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गेस्ट हाउस एवं हेलीपैड से जुड़े लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिया गया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने सभा स्थल पर समतलीकरण, पेयजल, शौचालय, जूता-चप्पल स्टैंड सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा आगमन-प्रस्थान मार्गों एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए सह उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक श्री अजय तिर्की, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

खरसावां शहीद दिवस को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव, कई मार्गों पर नो एंट्री लागू

खरसावां शहीद दिवस को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव, कई मार्गों पर नो एंट्री लागू

सरायकेला : खरसावां शहीद दिवस कार्यक्रम के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु कुछ मार्गों पर नो एंट्री के निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, सरायकेला से खरसावां जाने वाले मार्ग पर बिरसा चौक (सरायकेला), पांड्राशाली से खरसावां मार्ग पर पांड्राशाली चौक, कुचाई से खरसावां मार्ग पर कुचाई चौक, सीनी से खरसावां मार्ग पर सीनी चौक तथा खरसावां से रड़गांव जाने वाले मार्ग पर हुडंगदा पिकेट के समीप नो एंट्री लागू रहेगी।
इन सभी मार्गों पर 31 दिसंबर 2025 की रात 9:00 बजे से 1 जनवरी 2026 की रात 8:00 बजे तक सभी प्रकार के व्यावसायिक (बड़े) वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
यह जानकारी जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा जारी की गई है।

खरसावां शहीद दिवस: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे मुख्य अतिथि

खरसावां शहीद दिवस: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे मुख्य अतिथि

रांची : शहीद स्मारक समिति, खरसावां के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक दशरथ गागराई के नेतृत्व में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर आगामी 1 जनवरी 2026 को खरसावां में आयोजित शहीद दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण सौंपा। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हर वर्ष खरसावां गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए खरसावां आते हैं। इस अवसर पर उनकी पत्नी एवं गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन सहित अन्य मंत्री और विधायक भी उपस्थित रह सकते हैं।

कार्यक्रम के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और शहीद स्मारक समिति द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण का समापन

पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण का समापन

सरायकेला : सरायकेला के दिवान साही स्थित पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर समापन समारोह एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

संस्थान के निदेशक ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सॉफ्ट टॉय निर्माण के माध्यम से वे स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संस्थान से संपर्क करें, हर संभव सहयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्य शैलेन्द्र गोप, गोबिंद राय, दिलीप आचार्य, इंद्रजीत कैबत एवं द्रौपदी महतो उपस्थित थे।

कांग्रेस भवन चाईबासा में इंद्रनाथ भगत की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

कांग्रेस भवन चाईबासा में इंद्रनाथ भगत की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

चाईबासा : कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं अविभाजित बिहार के पूर्व मंत्री इंद्रनाथ भगत की पुण्यतिथि मंगलवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए।
आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई ने कहा कि इंद्रनाथ भगत के अधूरे सपनों को साकार करना ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इंद्रनाथ भगत ने विकास के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि इंद्रनाथ भगत सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और समाज के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि वे अपने सेवा काल में हमेशा विकास के प्रति समर्पित रहे और जाति-धर्म से ऊपर उठकर राजनीति की।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष मो. सलीम, उपाध्यक्ष सुभाष राम तुरी, महासचिव बिट्टू सिंह, मो. शहजादा, प्रखंड अध्यक्ष चंद्र भूषण बिरुवा सहित वरीय कांग्रेसी संतोष सिन्हा, अजय कुमार, संजय साव, जय किशन सालबुनिया, सोना राम बानरा, संजय नायक, पवन करवा, सुशील दास समेत कई कांग्रेसी उपस्थित थे।

10 जनवरी 2026 को एनएसयूआई करेगा लोकभवन का घेराव

10 जनवरी 2026 को एनएसयूआई करेगा लोकभवन का घेराव

चाईबासा : कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई द्वारा 10 जनवरी 2026 को रांची स्थित लोकभवन का बड़े पैमाने पर घेराव किया जाएगा। इसकी जानकारी एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष अनीष गोप ने सोमवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
अनीष गोप ने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रवृत्ति के मुद्दे पर ओबीसी छात्रों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य को छात्रवृत्ति की राशि उपलब्ध नहीं करा रही है, जबकि भाजपा नेता इस मुद्दे पर संवेदना बटोरने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 में राज्य सरकार ने केंद्र से 271 करोड़ रुपये की मांग की थी, लेकिन केवल 77 करोड़ रुपये ही मिले। इसी तरह 2024-25 में 253 करोड़ रुपये मांगे गए, जिसमें मात्र 33 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जबकि 2025-26 में 370 करोड़ रुपये की मांग के विरुद्ध केवल 13 करोड़ रुपये ही जारी किए गए। उन्होंने कहा कि इस पर भाजपा नेताओं को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस और महागठबंधन की सरकार इस विषय को लेकर गंभीर है। इसी के तहत एनएसयूआई 10 जनवरी 2026 को लोकभवन, रांची का घेराव कर केंद्र सरकार से लंबित छात्रवृत्ति राशि राज्य को जारी करने की मांग करेगी, ताकि छात्रों को उनका हक मिल सके।
इस मौके पर कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि केंद्र सरकार यह आरोप लगा रही है कि राज्य सरकार ने उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं दिया, जबकि सच्चाई यह है कि छात्रवृत्ति के मामले में उपयोगिता प्रमाण पत्र की आवश्यकता ही नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ बोलकर छात्रों, युवाओं और महिलाओं को गुमराह कर रही है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि यदि वे वास्तव में छात्रों की छात्रवृत्ति चाहते हैं, तो दलगत भावना से ऊपर उठकर एनएसयूआई द्वारा आयोजित घेराव कार्यक्रम में शामिल हों।
कार्यक्रम में एनएसयूआई जिला महासचिव नितिन गोप, सचिन बिरुवा, वरीय कांग्रेसी नेता संतोष सिन्हा, जुम्बल सुंडी, अजय कुमार, संजय साव, कार्यालय सचिव सुशील दास सहित अन्य उपस्थित थे।