जिला

शिक्षा को हथियार बनाया रामहरि पेरियार ने, गुवा के ग्रामीण बच्चों को मिला नया हौसला

शिक्षा को हथियार बनाया रामहरि पेरियार ने, गुवा के ग्रामीण बच्चों को मिला नया हौसला

जगन्नाथपुर : ग्रामीण अंचलों में शिक्षा की जड़ों को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत मानवाधिकार परिषद झारखंड प्रदेश महासचिव सह राँची लोस एवं ईचागढ़ विस क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके पूर्व प्रत्याशी धी. रामहरि पेरियार ने गुवासाई स्थित अबुआ क्रीड़ा विद्यालय प्ले स्कूल में लगभग 30 जरूरतमंद बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल एवं रबर का वितरण किया। इस सामाजिक प्रयास का उद्देश्य केवल शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बच्चों के मन में यह विश्वास जगाना था कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो किसी भी परिस्थिति को बदल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए रामहरि पेरियार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो केवल सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की। उन्होंने बच्चों से नियमित विद्यालय जाने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का पढ़ा-लिखा बच्चा ही कल के मजबूत समाज की नींव रखेगा।
शिक्षा सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर जो मुस्कान और आंखों में जो चमक दिखाई दी, उसने इस पहल की सार्थकता को स्वयं बयां कर दिया। बच्चों ने भी बेहतर प्रदर्शन करने और पढ़ाई में आगे बढ़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद माहौल उत्साह, आशा और सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहा।
इस मौके पर उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई बार बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो जाती है। ऐसे में इस तरह की पहल न केवल बच्चों को पढ़ाई से जोड़ती है, बल्कि अभिभावकों को भी यह भरोसा देती है कि समाज उनके बच्चों के भविष्य के साथ खड़ा है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि रामहरि पेरियार का यह प्रयास सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण है। यह पहल यह संदेश देती है कि जब जनप्रतिनिधि और समाज के जागरूक लोग शिक्षा को प्राथमिकता देते हैं, तभी ग्रामीण क्षेत्रों में वास्तविक बदलाव संभव हो पाता है। लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
    इस कार्यक्रम में प्रधान सिंकु कुमारडुंगी, लक्ष्मण चातर (मझगांव), रमेश जेराई (चाईबासा), बीरबल होनहागा (टोंटो), महताम बिरुआ (हाटगमरिया), चांदमनी लागुरी, मुखिया राजू पान, शिक्षक कंचन कुमारी (पिंगुवा) सहित लक्ष्मी बारी, लक्ष्मी बोबोंगा, फूलमति दास, चंपा नाग, अनीता पूरती, कविता पूरती, जोनी पूरती, शिला मिछरी एवं पिंकी पूरती समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इस पहल की सराहना करते हुए इसे निरंतर जारी रखने की मांग की।

राजनगर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक समेत तीन गंभीर घायल

राजनगर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक समेत तीन गंभीर घायल

राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में टांगरानी और खेरकोचा गांव के बीच गाड़ासाई पुलिया के पास शुक्रवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक समेत दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक और एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

घायलों की पहचान जोटा गांव निवासी प्रह्लाद सरदार, सोनामनी सरदार और बैसाखी सरदार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

मनरेगा बचाओ अभियान के तहत चाईबासा में कांग्रेस की प्रेस वार्ता

मनरेगा बचाओ अभियान के तहत चाईबासा में कांग्रेस की प्रेस वार्ता

चाईबासा : कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ अभियान के तहत शनिवार, 03 जनवरी 2026 को दोपहर 12:30 बजे कांग्रेस भवन, चाईबासा में एक प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। प्रेस वार्ता को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू संबोधित करेंगे। इस अवसर पर मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस का पक्ष रखा जाएगा। प्रेस वार्ता में समाचार संकलन हेतु प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

सरायकेला में शिबू सोरेन गोलंबर निर्माण की मांग

सरायकेला में शिबू सोरेन गोलंबर निर्माण की मांग

सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिला झामुमो उपाध्यक्ष भोला महंती के लिखित आवेदन पर सिंहभूम सांसद जोबा माझी एवं खरसावां विधायक दशरथ गागराई की अनुशंसा के साथ झामुमो के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई है कि झारखंड राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले और झारखंड के सर्वमान्य राजनीतिक नेता स्वर्गीय शिबू सोरेन की स्मृति में सरायकेला न्यायालय के निकट (पेट्रोल पंप के पास) राजनगर जाने वाली बाइपास सड़क के मोड़ पर एक गोलंबर का निर्माण कर वहां उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए तथा उसे “शिबू सोरेन गोलंबर” नाम दिया जाए। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इससे जिलेवासियों को गौरव की अनुभूति होगी और यह गुरूजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। साथ ही उक्त स्थल पर गोलंबर बनने से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से लेते हुए स्थल जांच कराने के बाद गोलंबर निर्माण एवं शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला महंती, साहित्य एवं संस्कृति मोर्चा जिला अध्यक्ष अविनाश कबी, नगर सचिव तपन कामिला, कृष्णा राणा एवं गौतम नायक शामिल थे।

समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित

समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित

सरायकेला : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनकी उपायुक्त ने क्रमवार सुनवाई की।

जनता दरबार में प्रमुख रूप से मुड़कुम ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन जलमीनार योजना में अनियमितता, कार्य की धीमी प्रगति एवं छूटे हुए गांवों को योजना से जोड़ने, जलसहिया का पिछले दो वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान, गम्हरिया अंचल के इटागढ़ मौजा में सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के अनुपालन, सरकारी भूमि के उपयोग एवं ग्रामीणों की भूमि के अधिग्रहण से परहेज से जुड़े मामले सामने आए।

इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र के सरायकेला वार्ड संख्या–06 में जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र के स्थान पर नए भवन निर्माण तथा नया भवन बनने तक आंगनबाड़ी केंद्र को किसी अन्य उपयुक्त भवन में संचालित करने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुआ।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों, अंचल एवं नगर निकाय के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की नियमों के अनुरूप त्वरित जांच कर समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां शीघ्र निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि बाल विकास, पेयजल, सड़क सुरक्षा एवं जनसुविधा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित पदाधिकारी प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करें।

जर्जर चाईबासा–सरायकेला–कांड्रा मार्ग पर टोल वसूली को लेकर पवन शंकर पांडेय ने जताई नाराजगी

जर्जर चाईबासा–सरायकेला–कांड्रा मार्ग पर टोल वसूली को लेकर पवन शंकर पांडेय ने जताई नाराजगी

चक्रधरपुर : जर्जर चाईबासा–सरायकेला–कांड्रा मार्ग पर टोल टैक्स वसूली को लेकर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष पवन शंकर पांडेय ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत बेहद खराब है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही है और टोल टैक्स वसूला जा रहा है, जो चिंताजनक है। पांडेय ने राज्य के मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से इस मामले में संज्ञान लेने की मांग की है। साथ ही सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और टोल टैक्स वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।

बंदगांव में दो दिवसीय नववर्ष खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

बंदगांव में दो दिवसीय नववर्ष खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

बंदगांव : बंदगांव प्रखंड के मतकमबेड़ा मैदान में नववर्ष 2026 के अवसर पर दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पहले दिन मुख्य अतिथि मुखिया कुश पूर्ति एवं सुमिता होता फाउंडेशन के अध्यक्ष सदानंद होता ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के पहले दिन बच्चों की दौड़, छोटी बच्चियों की दौड़, बोरा दौड़, बड़ी लड़कियों की दौड़, तीन पैर दौड़, लड़कियों व लड़कों की रिले रेस, बुजुर्गों की दौड़, जीके रेस, युवाओं की दौड़ तथा साइकिल रेस का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं का फाइनल शुक्रवार को होगा।

इस अवसर पर मुखिया कुश पूर्ति और सदानंद होता ने कहा कि खेलों से लोगों का मानसिक विकास होता है। गांव में इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।

कार्यक्रम में अगस्त बोदरा, राजेश प्रधान, चंद मोहन बांकिरा, सादो बोदरा, ग्राम मुंडा कजुरा बोदरा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

झारखंड के चार प्रमंडलों में खुलेंगे स्पोर्ट्स साइंस सेंटर

झारखंड के चार प्रमंडलों में खुलेंगे स्पोर्ट्स साइंस सेंटर

झारखंड सरकार राज्य के चार प्रमंडलों—उत्तरी छोटानागपुर, कोल्हान, संताल और पलामू—में स्पोर्ट्स साइंस सेंटर शुरू करने जा रही है। दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के तहत रांची में पहले से अंतरराष्ट्रीय मानकों का हाई परफॉर्मेंस सेंटर संचालित है। सरकार का प्रयास है कि नए स्पोर्ट्स साइंस सेंटरों की शुरुआत इसी सत्र से की जाए।
इन सेंटरों का उद्देश्य खिलाड़ियों को वैज्ञानिक आधार पर प्रशिक्षण देना, चोट से बचाव करना और उनके प्रदर्शन में निरंतर सुधार लाना है। आधुनिक खेलों में मेहनत के साथ-साथ साइंस आधारित ट्रेनिंग अहम भूमिका निभाती है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है।
हर स्पोर्ट्स साइंस सेंटर में फिजियोथेरेपिस्ट, न्यूट्रिशनिस्ट, मसाजर और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग एक्सपर्ट सहित तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। खिलाड़ियों की फिटनेस, डाइट, रिकवरी और मानसिक मजबूती पर नियमित रूप से काम किया जाएगा। प्रशिक्षण से पहले और बाद में फिटनेस असेसमेंट कर खिलाड़ियों की कमजोरियों के अनुसार विशेष अभ्यास कराया जाएगा। गंभीर मामलों में खिलाड़ियों को प्रमंडलीय सेंटर या रांची के हाई परफॉर्मेंस सेंटर भेजा जाएगा।
साइंटिफिक ट्रेनिंग हमारी प्राथमिकता: सुदिव्य कुमार
खेल मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को साइंटिफिक ट्रेनिंग देने पर जोर दे रही है। परंपरागत बैटरी टेस्ट से आगे बढ़कर आधुनिक जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि झारखंड खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर सके। उन्होंने कहा कि इससे ओवरएज की समस्या पर भी नियंत्रण लगेगा और खिलाड़ियों को उनकी उम्र व क्षमता के अनुसार सही प्रशिक्षण मिल सकेगा।
प्रस्तावित स्पोर्ट्स साइंस सेंटर साई सेंटर, नेशनल क्रिकेट अकादमी और ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर की तर्ज पर काम करेंगे, जहां डेटा एनालिसिस, बायोमैकेनिक्स, न्यूट्रिशन और इंजरी मैनेजमेंट के जरिए खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर किया जाता है।

खरसावां शहीद दिवस पर अर्जुन मुंडा ने दी श्रद्धांजलि, आदिवासी अधिकारों के संरक्षण का लिया संकल्प

खरसावां शहीद दिवस पर अर्जुन मुंडा ने दी श्रद्धांजलि, आदिवासी अधिकारों के संरक्षण का लिया संकल्प

खरसावां : खरसावां शहीद दिवस के अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं मीरा मुंडा भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ खेलारीसाई स्कूल से पदयात्रा करते हुए शहीद स्माधि स्थल पहुंचे। उन्होंने 1 जनवरी 1948 के खरसावां गोलीकांड में शहीद हुए वीर सपूतों की स्मृति में स्थापित शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि आज़ादी के बाद भी आदिवासी समाज के बलिदानों से सरकारें ठोस सबक नहीं ले सकीं। जिन शहीदों ने अपने रक्त से इतिहास रचा, उनकी धरती आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि आज़ादी से पहले आदिवासी समाज का संघर्ष अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ था, लेकिन आज़ादी के बाद भी खरसावां की धरती ने यह संदेश दिया कि आदिवासी जीवन, संस्कृति और परंपराओं को समझे बिना स्वतंत्रता अधूरी है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में आज भी संविधान की मूल भावना के अनुरूप शासन व्यवस्था लागू नहीं हो पा रही है। पेसा कानून लागू होने के बावजूद उसकी नियमावली आदिवासी जीवन पद्धति और परंपराओं के अनुरूप नहीं है, जो शहीदों के बलिदान के साथ अन्याय है। अर्जुन मुंडा ने चिंता जताते हुए कहा कि शहरीकरण, खनन, बालू घोटाले और भूमि अधिग्रहण के माध्यम से आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन और संस्कृति पर लगातार हमला हो रहा है। गगनचुंबी इमारतें बनाकर क्षेत्रों को शहरी घोषित करने का प्रयास अनुसूचित क्षेत्र की पहचान मिटाने की साजिश है।
उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया नववर्ष मना रही है, तब हम शहीद वेदी पर यह संकल्प लेते हैं कि आदिवासी अधिकारों की रक्षा, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण और संविधान प्रदत्त अधिकारों के पूर्ण क्रियान्वयन के लिए संघर्ष जारी रहेगा। सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब पेसा कानून को उसकी मूल भावना के अनुरूप पूरी तरह लागू किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा नेता जेबी तुबिद, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, पूर्व विधायक गुरूचरण नायक, जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिप सदस्य झिंगी हेम्ब्रम, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंह देव, बोबी सिंह, सुधीर मंडल, अमित कैशरी, विजय महतो, रामदास मुर्मू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के बैनर तले कोल्हान क्षेत्र में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के बैनर तले कोल्हान क्षेत्र में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

खरसावां : आज आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के बैनर तले जिला अध्यक्ष मानसिंह तिरिया एवं सरायकेला जिला अध्यक्ष सुनील गगाराई के संयुक्त तत्वावधान में कोल्हान क्षेत्र के खरसावां, सेरेंगसिया, जगन्नाथपुर और राजाबासा में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शहीदों के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मानसिंह तिरिया ने कहा कि कोल विद्रोह में शहीद हुए वीरों को याद कर उन्हें नमन किया गया। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी को कोल्हान और 2 जनवरी को कलिंगनगर में हमारे ही आदिवासी भाइयों की निर्मम हत्या की गई थी, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं। अंग्रेजों ने 1 और 2 जनवरी को आदिवासियों की हत्या कर इसे अपने लिए जश्न का दिन बना लिया। इस इतिहास को जानना हर आदिवासी के लिए जरूरी है और इन दिनों को शहीद दिवस के साथ-साथ संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य है कि जिन लोगों ने आदिवासियों पर गोलियां चलाईं, आज वही खुद को आदिवासी समाज का हितैषी बता रहे हैं।
उन्होंने कोल विद्रोह के जननायक वीर शहीद पोटो हो’ का उल्लेख करते हुए कहा कि फांसी के कई वर्षों बाद उनके नाम से राजाबासा गांव की पहचान बनी, लेकिन आज उस गांव की स्थिति बेहद दयनीय है। ग्रामीण जैंतगढ़, चंपुआ और अन्य क्षेत्रों में मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से गांव को गोद लेकर विकास पर ध्यान देने की मांग की।
मानसिंह तिरिया ने बताया कि आज ही के दिन गवर्नर जनरल के राजनीतिक एजेंट कैप्टन थॉमस विल्किंसन ने हो’ दिसुम (वर्तमान कोल्हान) के महान योद्धा पोटो हो’, नारा हो’, बड़ाय हो’, पांडुवा हो’ और बोड़ेया हो’ को फांसी की सजा सुनाई थी, जबकि अन्य सहयोगी योद्धाओं को कारावास की सजा दी गई थी।
उन्होंने कहा कि हो’ विद्रोह (1820-21), महान कोल विद्रोह (1831-32) और सेरेंगसिया घाटी युद्ध (1837) के दौरान लगभग 17 वर्षों तक अंग्रेजों और हो’ आदिवासियों के बीच भीषण संघर्ष हुआ। अंग्रेज जानते थे कि यदि पोटो हो’ और उनके साथी जीवित रहे, तो वे कोल्हान में कभी स्थायी रूप से शासन नहीं कर पाएंगे। इसी कारण 1 जनवरी 1838 को जगन्नाथपुर बाजार स्थित बरगद के पेड़ पर पोटो हो’, नारा हो’ और बड़ाय हो’ को फांसी दी गई, जबकि 2 जनवरी 1838 को सेरेंगसिया गांव में पीपल के पेड़ पर बोड़ेया हो’ और पांडुवा हो’ को फांसी दी गई। इस घटना पर लंदन बोर्ड ने भी आपत्ति जताई थी।
कार्यक्रम में सरायकेला जिला अध्यक्ष सुनील गगाराई ने कहा कि 1-2 जनवरी को फांसी देना अंग्रेजों की सोची-समझी राजनीतिक साजिश थी, ताकि आदिवासी अपने इतिहास और पूर्वजों को भूलकर नए साल के जश्न में डूबे रहें।
उन्होंने आगे कहा कि देश की आजादी के बाद 1 जनवरी 1948 को सरायकेला-खरसावां रियासत के ओडिशा में विलय और अलग झारखंड राज्य की मांग को लेकर खरसावां हाट मैदान में आदिवासियों की एक बड़ी शांतिपूर्ण सभा आयोजित हुई थी, जिस पर ओडिशा पुलिस ने मशीनगन से गोलीबारी की थी।
इस कार्यक्रम में चुमरू पिंगुवा, सजान देवगम, सुनील लागुरी, मदन सिंकु, नरसिंह पुर्ती, माटा करोवा, अर्जुन मुंडा, जोसेफ मुंडा, लुकुना पुर्ती, दामू बोबोंगा, सादु मुंडा, पुष्पा मुंडा, शांति पुर्ती, सरस्वती सवैया, हीरा मुनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।