चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।

बुधवार को उन्होंने उपायुक्त को एक आवेदन सौंपकर जिले के किसानों को कृषि कार्यों के लिए जार में डीजल उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो किसानों की खेती-बाड़ी गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है।

त्रिशानु राय ने कहा कि वर्तमान समय कृषि कार्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों के किसान खेतों की जुताई, सिंचाई, पंपसेट संचालन तथा अन्य कृषि गतिविधियों के लिए मुख्य रूप से डीजल पर निर्भर हैं।

अधिकांश किसान जार के माध्यम से डीजल लेकर अपने खेतों तक पहुंचाते हैं, लेकिन जिले के कई पेट्रोल पंपों पर किसानों को जार में डीजल देने से मना किया जा रहा है। इससे किसानों के समक्ष गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

उन्होंने बताया कि किसान सुबह से शाम तक विभिन्न पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। समय पर सिंचाई और अन्य कृषि कार्य नहीं होने के कारण फसलों के प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है, जो किसानों के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है।

Book your slot today : +91 7250214782
त्रिशानु राय ने जिला प्रशासन से मांग की कि जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं, ताकि वास्तविक किसानों को पहचान पत्र अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर कृषि कार्यों के लिए जार में डीजल उपलब्ध कराया जा सके। उनका कहना है कि इससे किसानों को राहत मिलेगी और डीजल के दुरुपयोग पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

Book your slot today : +91 7250214782
उन्होंने कहा कि किसान देश की अन्नदाता शक्ति हैं और उनकी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से किसानों के हित में शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपील की।

