रांची | झारखंड क्रिकेट के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत आज से होने जा रही है। राज्य की बहुप्रतीक्षित झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग 2026 का शुभारंभ रांची स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में होगा। इस लीग में राज्य के छह क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला रांची टाइटंस और छोटानागपुर रॉयल्स के बीच दोपहर 12 बजे खेला जाएगा। वहीं दूसरा मुकाबला कोल्हान टाइगर्स और जमशेदपुर स्टैलियंस के बीच होगा।

उद्घाटन समारोह भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेत्री काजल अग्रवाल तथा प्रसिद्ध गायिका कनिका कपूर भी अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगी। आयोजकों ने उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं।

झारखंड के युवा क्रिकेटरों के लिए यह लीग अपनी प्रतिभा को निखारने और बड़े मंच पर प्रदर्शन करने का सुनहरा अवसर साबित होगी। लीग में राज्य के विभिन्न जिलों के उभरते खिलाड़ी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करते नजर आएंगे।

दर्शकों के लिए विशेष व्यवस्था
मैच देखने के इच्छुक दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। दर्शक ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं अथवा स्टेडियम परिसर में उपलब्ध काउंटर से भी प्रवेश पास प्राप्त कर सकते हैं।

मैच शुरू होने से दो घंटे पहले प्रवेश द्वार खोल दिए जाएंगे। जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, वे विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म और टीवी नेटवर्क के माध्यम से मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

झारखंड टी-20 लीग का उद्देश्य राज्य में क्रिकेट को नई पहचान देना और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

