रांची | झारखंड में लंबे समय से लंबित सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद राज्य में चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की गई है। नवनियुक्त सूचना आयुक्तों में अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक शामिल हैं।

चयन समिति ने की थी अनुशंसा
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने 25 मार्च को इन चार नामों की अनुशंसा करते हुए प्रस्ताव राजभवन को भेजा था।

समिति ने वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार सिन्हा के साथ तनुज खत्री, शिवपूजन पाठक और अमूल्य नीरज खलखो के नामों को सूचना आयुक्त पद के लिए चयनित किया था।
राजभवन ने मांगी थी स्थिति स्पष्ट

सूत्रों के अनुसार, राजभवन ने प्रारंभिक स्तर पर उन नामों को लेकर आपत्ति जताई थी जिनके सक्रिय राजनीतिक दलों से जुड़े होने की चर्चा थी। इस संबंध में राजभवन ने फाइल मुख्य सचिव को भेजते हुए संबंधित नामों की स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया था।

आवश्यक स्पष्टीकरण प्राप्त होने और प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्यपाल ने चारों नामों को मंजूरी प्रदान कर दी। इसके साथ ही झारखंड राज्य सूचना आयोग में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

इन नियुक्तियों से सूचना आयोग की कार्यक्षमता बढ़ने और सूचना के अधिकार (आरटीआई) से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


