जिला

खरसावां शहीद दिवस को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव, कई मार्गों पर नो एंट्री लागू

खरसावां शहीद दिवस को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव, कई मार्गों पर नो एंट्री लागू

सरायकेला : खरसावां शहीद दिवस कार्यक्रम के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु कुछ मार्गों पर नो एंट्री के निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, सरायकेला से खरसावां जाने वाले मार्ग पर बिरसा चौक (सरायकेला), पांड्राशाली से खरसावां मार्ग पर पांड्राशाली चौक, कुचाई से खरसावां मार्ग पर कुचाई चौक, सीनी से खरसावां मार्ग पर सीनी चौक तथा खरसावां से रड़गांव जाने वाले मार्ग पर हुडंगदा पिकेट के समीप नो एंट्री लागू रहेगी।
इन सभी मार्गों पर 31 दिसंबर 2025 की रात 9:00 बजे से 1 जनवरी 2026 की रात 8:00 बजे तक सभी प्रकार के व्यावसायिक (बड़े) वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
यह जानकारी जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा जारी की गई है।

खरसावां शहीद दिवस: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे मुख्य अतिथि

खरसावां शहीद दिवस: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे मुख्य अतिथि

रांची : शहीद स्मारक समिति, खरसावां के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक दशरथ गागराई के नेतृत्व में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर आगामी 1 जनवरी 2026 को खरसावां में आयोजित शहीद दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण सौंपा। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हर वर्ष खरसावां गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए खरसावां आते हैं। इस अवसर पर उनकी पत्नी एवं गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन सहित अन्य मंत्री और विधायक भी उपस्थित रह सकते हैं।

कार्यक्रम के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और शहीद स्मारक समिति द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण का समापन

पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण का समापन

सरायकेला : सरायकेला के दिवान साही स्थित पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर समापन समारोह एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

संस्थान के निदेशक ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सॉफ्ट टॉय निर्माण के माध्यम से वे स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संस्थान से संपर्क करें, हर संभव सहयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्य शैलेन्द्र गोप, गोबिंद राय, दिलीप आचार्य, इंद्रजीत कैबत एवं द्रौपदी महतो उपस्थित थे।

कांग्रेस भवन चाईबासा में इंद्रनाथ भगत की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

कांग्रेस भवन चाईबासा में इंद्रनाथ भगत की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

चाईबासा : कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं अविभाजित बिहार के पूर्व मंत्री इंद्रनाथ भगत की पुण्यतिथि मंगलवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए।
आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई ने कहा कि इंद्रनाथ भगत के अधूरे सपनों को साकार करना ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इंद्रनाथ भगत ने विकास के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि इंद्रनाथ भगत सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और समाज के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि वे अपने सेवा काल में हमेशा विकास के प्रति समर्पित रहे और जाति-धर्म से ऊपर उठकर राजनीति की।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष मो. सलीम, उपाध्यक्ष सुभाष राम तुरी, महासचिव बिट्टू सिंह, मो. शहजादा, प्रखंड अध्यक्ष चंद्र भूषण बिरुवा सहित वरीय कांग्रेसी संतोष सिन्हा, अजय कुमार, संजय साव, जय किशन सालबुनिया, सोना राम बानरा, संजय नायक, पवन करवा, सुशील दास समेत कई कांग्रेसी उपस्थित थे।

10 जनवरी 2026 को एनएसयूआई करेगा लोकभवन का घेराव

10 जनवरी 2026 को एनएसयूआई करेगा लोकभवन का घेराव

चाईबासा : कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई द्वारा 10 जनवरी 2026 को रांची स्थित लोकभवन का बड़े पैमाने पर घेराव किया जाएगा। इसकी जानकारी एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष अनीष गोप ने सोमवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
अनीष गोप ने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रवृत्ति के मुद्दे पर ओबीसी छात्रों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य को छात्रवृत्ति की राशि उपलब्ध नहीं करा रही है, जबकि भाजपा नेता इस मुद्दे पर संवेदना बटोरने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 में राज्य सरकार ने केंद्र से 271 करोड़ रुपये की मांग की थी, लेकिन केवल 77 करोड़ रुपये ही मिले। इसी तरह 2024-25 में 253 करोड़ रुपये मांगे गए, जिसमें मात्र 33 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जबकि 2025-26 में 370 करोड़ रुपये की मांग के विरुद्ध केवल 13 करोड़ रुपये ही जारी किए गए। उन्होंने कहा कि इस पर भाजपा नेताओं को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस और महागठबंधन की सरकार इस विषय को लेकर गंभीर है। इसी के तहत एनएसयूआई 10 जनवरी 2026 को लोकभवन, रांची का घेराव कर केंद्र सरकार से लंबित छात्रवृत्ति राशि राज्य को जारी करने की मांग करेगी, ताकि छात्रों को उनका हक मिल सके।
इस मौके पर कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि केंद्र सरकार यह आरोप लगा रही है कि राज्य सरकार ने उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं दिया, जबकि सच्चाई यह है कि छात्रवृत्ति के मामले में उपयोगिता प्रमाण पत्र की आवश्यकता ही नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ बोलकर छात्रों, युवाओं और महिलाओं को गुमराह कर रही है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि यदि वे वास्तव में छात्रों की छात्रवृत्ति चाहते हैं, तो दलगत भावना से ऊपर उठकर एनएसयूआई द्वारा आयोजित घेराव कार्यक्रम में शामिल हों।
कार्यक्रम में एनएसयूआई जिला महासचिव नितिन गोप, सचिन बिरुवा, वरीय कांग्रेसी नेता संतोष सिन्हा, जुम्बल सुंडी, अजय कुमार, संजय साव, कार्यालय सचिव सुशील दास सहित अन्य उपस्थित थे।

सरायकेला-खरसावां में सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा, खराब सड़कों और मरम्मत में देरी बनी बड़ी वजह

सरायकेला-खरसावां में सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा, खराब सड़कों और मरम्मत में देरी बनी बड़ी वजह

सरायकेला_खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं। शहर से लेकर गांव तक नुक्कड़ नाटक, जागरूकता वाहन, चालकों के लिए यातायात नियमों पर प्रशिक्षण तथा वाहन जांच अभियान कई महीनों से चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद विभागीय आंकड़ों के अनुसार नवंबर माह में जिले में 25 बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए। इसके अलावा कई छोटी दुर्घटनाएं ऐसी भी हुई होंगी, जिनकी जानकारी विभाग तक नहीं पहुंच पाई।
हाल ही में हुई बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों को कई दिशा-निर्देश दिए थे और JARDCL को मुख्य सड़कों की आवश्यकतानुसार मरम्मत सुनिश्चित करने का आदेश भी दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
सरायकेला से जमशेदपुर और चाईबासा जाने वाली मुख्य सड़कों पर जगह-जगह छोटे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। छोटे वाहन और बाइक सवार इन गड्ढों से बचने के लिए सड़क पर टेढ़े-मेढ़े तरीके से चलते हैं, जिससे आगे-पीछे चल रहे वाहनों को संतुलन बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। वहीं, इन दिनों घना कोहरा भी दुर्घटनाओं की आशंका को और बढ़ा रहा है। यदि शीघ्र सड़क मरम्मत का कार्य नहीं किया गया, तो जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ने से इंकार नहीं किया जा सकता।

चाईबासा में कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

चाईबासा में कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

चाईबासा: कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम, झंडा ऊंचा रहे हमारा और राष्ट्रगान का सस्वर पाठ किया गया।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नफरत, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ सत्य, साहस और संविधान की रक्षा की लड़ाई को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि कांग्रेस की स्थापना आम जनता के हितों की रक्षा के लिए की गई थी। ब्रिटिश शासन के दौरान कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और स्वतंत्रता के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में देश के विकास के लिए बहुआयामी योजनाएं शुरू की गईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास गौरवशाली रहा है और पार्टी के नेताओं ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है, जो हमेशा कमजोर, वंचित और मेहनतकश लोगों के साथ खड़ी रही है।

स्थापना दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी स्तर के कांग्रेस पदाधिकारियों के आवासों पर भी कांग्रेस का झंडा फहराया गया।

कार्यक्रम में जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, सचिव जानवी कुदादा, अधिवक्ता पूनम हेम्ब्रम, सोशल मीडिया चेयरमैन रवि कच्छप, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, महासचिव बिट्टू सिंह, वरीय कांग्रेसी संतोष सिन्हा, अजय कुमार, राकेश सिंह, कार्यालय सचिव सुशील दास, मो. रहमतुल्ला, विजय नायक सहित अन्य कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पेसा कानून को राज्य कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर झामुमो ने जताई खुशी

पेसा कानून को राज्य कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर झामुमो ने जताई खुशी

चाईबासा : राज्य कैबिनेट द्वारा पेसा कानून को मंजूरी दिया जाना एक ऐतिहासिक कदम बताया गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के प० सिंहभूम जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार पूर्वजों के सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। पेसा कानून लागू होने से अनुसूचित क्षेत्रों में पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था और ग्राम सभाएं सशक्त होंगी, जिससे जनजातीय क्षेत्रों के विकास के साथ-साथ आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति, सामाजिक व्यवस्था और धार्मिक मान्यताओं का संरक्षण सुनिश्चित होगा। साथ ही जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा भी मजबूत होगी।
पेसा कानून की मंजूरी पर पूरे राज्य में खुशी का माहौल है। इसी क्रम में 27 दिसंबर 2025 को चाईबासा के जैन मार्केट चौक में झामुमो कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सहित पूरे राज्य कैबिनेट के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

मनरेगा समाप्त करने के विरोध में झामुमो का एकदिवसीय धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

मनरेगा समाप्त करने के विरोध में झामुमो का एकदिवसीय धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

चाईबासा : भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा देश की महत्वाकांक्षी रोजगार योजना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को समाप्त किए जाने के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कड़ा विरोध जताया है। इसी क्रम में शुक्रवार, 27 दिसंबर 2025 को झामुमो द्वारा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में झामुमो जिला समिति के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन आयोजित हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार के फैसले को जनविरोधी, गरीब विरोधी और श्रम विरोधी बताया।
जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि मनरेगा पिछले दो दशकों से ग्रामीण आजीविका की मजबूत आधारशिला रहा है, जिसने ग्रामीण मजदूरों को काम का कानूनी अधिकार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सुनियोजित तरीके से आदिवासियों, मूलवासियों, अल्पसंख्यकों और गरीबों के हित में बने कानूनों को समाप्त कर उनके अधिकार छीन रही है।
धरना-प्रदर्शन के उपरांत उपायुक्त के माध्यम से माननीय राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें श्रम विरोधी एवं गरीब विरोधी VB-G RAM G कानून 2025 को विलोपित करने हेतु केंद्र सरकार को निर्देश देने की मांग की गई।
धरना-प्रदर्शन में भुवनेश्वर महतो, राहुल आदित्य, इकबाल अहमद, दीपक कुमार प्रधान, विकास गुप्ता, अकबर खान, प्रेम मुंडरी, रामलाल मुंडा, मिथुन गागराई, निसार हुसैन, विनय प्रधान, विश्वनाथ बाड़ा, बंधना उरांव, प्रेम गुप्ता, सनातन पिंगुवा, मंजीत हांसदा, राहुल तिवारी, सतीश सुंडी सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भाजपा जिला कार्यालय में अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती मनाई गई

भाजपा जिला कार्यालय में अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती मनाई गई

चाईबासा : भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजू पांडे ने की। इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा की भावना को याद किया। जिला अध्यक्ष संजू पांडे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के महान नेता थे, जिनके विचार और आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

वक्ताओं ने उनके कार्यकाल में देश को परमाणु शक्ति बनाने, सड़क व कनेक्टिविटी के क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों तथा लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक गीता बालमुचू, उपाध्यक्ष बबलू शर्मा, महामंत्री प्रताप कटियार, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन टीयू, नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार सहित कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।