चाईबासा | भीषण गर्मी और बढ़ती पेयजल संकट को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, चाईबासा द्वारा विशेष मरम्मत अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत विभिन्न प्रखंडों में कुल 18 चापाकलों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को काफी राहत मिली है।

अभियान के दौरान सदर चाईबासा प्रखंड के टोंटो पंचायत अंतर्गत बड़बिल गांव के मछुआसाई टोला में 1 तथा घाघरी गांव के टीरगलसाई टोला में 2 चापाकलों को दुरुस्त किया गया। वहीं, नोवामुंडी प्रखंड के बड़ा पासेया पंचायत अंतर्गत डुमरजोवा गांव के तिरियासाई एवं दिउरीसाई टोला में 2 चापाकलों की मरम्मत की गई।

इसी क्रम में जगन्नाथपुर प्रखंड के बड़ानंदा पंचायत के विभिन्न टोला—गरीब बस्ती, खास एवं मुंडा चौक (खास) में 3 चापाकलों को चालू किया गया। खुंटपानी प्रखंड के लोहरदा पंचायत अंतर्गत अरगुंडी गांव के मुंडासाई एवं कोजसेबेड़ा टोला में भी 3 चापाकलों की मरम्मत की गई।

इसके अलावा, टोंटो प्रखंड के बड़ा झींकपानी पंचायत के सन झींकपानी गांव के उपर टोला एवं टुंगरी टोला में 4 चापाकलों को दुरुस्त किया गया। तांतनगर प्रखंड के कोचको पंचायत अंतर्गत रुईबाना गांव के सिरूसाई टोला में 1 तथा झींकपानी प्रखंड के केलेंडे पंचायत अंतर्गत विस्वेमपुर गांव के बंदासाई टोला में 2 चापाकलों की मरम्मत की गई।
प्रमंडल द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान से गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

