कोल्हान

युवा कांग्रेस सांगठनिक चुनाव परिणाम घोषित, प्रीतम बांकिरा पुनः  पश्चिमी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष बने

युवा कांग्रेस सांगठनिक चुनाव परिणाम घोषित, प्रीतम बांकिरा पुनः  पश्चिमी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष बने

पश्चिमी सिंहभूम : युवा कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। यह चुनाव प्रखंड अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, जिला महासचिव, जिलाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव और प्रदेश अध्यक्ष पदों के लिए आयोजित किया गया था। 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने सदस्यता लेकर मतदान में भाग लिया। मतदान की प्रक्रिया लगभग एक महीने तक चली।
चुनाव परिणामों के अनुसार प्रीतम बांकिरा को दूसरी बार पश्चिमी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। उनके पुनः जिलाध्यक्ष बनने पर जिले के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी देखी जा रही है।
प्रीतम बांकिरा छात्र हितों और जिले की जनसमस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं। उनके कार्यकाल में युवा कांग्रेस संगठन का विस्तार जिला से लेकर पंचायत स्तर तक किया गया है।
पुनः निर्वाचित होने के बाद प्रीतम बांकिरा ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि ऐसे युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा जिनकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है, लेकिन वे राजनीति के माध्यम से समाज सेवा करना चाहते हैं। शिक्षित और ऊर्जावान युवाओं की भागीदारी से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
प्रीतम बांकिरा के जिलाध्यक्ष बनने पर जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकु, जिला पर्यवेक्षक डॉ. प्रदीप बालमूचू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजन बोयपाई सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।

मनरेगा रद्द करना गरीब मजदूरों के खिलाफ साजिश : बुधराम लागुरी

मनरेगा रद्द करना गरीब मजदूरों के खिलाफ साजिश : बुधराम लागुरी

चाईबासा : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मनरेगा को रद्द करना भाजपा की गरीब और मजदूर विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण मजदूरों के लिए केवल एक योजना नहीं, बल्कि उनकी आजीविका का सुरक्षा कवच है, जिसे केंद्र की भाजपा सरकार साजिश के तहत समाप्त करने का प्रयास कर रही है।
श्री लागुरी ने बताया कि मनरेगा और प्रस्तावित “वीबी-जी रामजी बिल 2025” में बड़ा अंतर है। यह बिल संसद के शीतकालीन सत्र में राज्यों से बिना परामर्श और व्यापक चर्चा के जल्दबाजी में पारित किया गया, जिससे ग्रामीण गरीबों के रोजगार के संवैधानिक अधिकार कमजोर होंगे।
उन्होंने कहा कि मनरेगा का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को हर साल कम से कम 100 दिनों का गारंटीकृत रोजगार देकर गरीबी कम करना, टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण करना और महिलाओं तथा एससी/एसटी वर्गों को सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।
बुधराम लागुरी ने घोषणा की कि 27 दिसंबर को दिन के 11 बजे भाजपा सरकार के खिलाफ पुराना डीसी कार्यालय, चाईबासा में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में झामुमो पश्चिमी सिंहभूम जिला के सभी जिला व वर्ग संगठन, प्रखंड, नगर समितियों के सदस्य, पदाधिकारी और केंद्रीय सदस्य शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीणों को काम, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा देता है, जबकि नया बिल मजदूरों की सौदेबाजी की ताकत छीनने का प्रयास है।

मनरेगा मुद्दे पर राहुल आदित्य का केंद्र सरकार पर हमला, 27 दिसंबर को धरना

मनरेगा मुद्दे पर राहुल आदित्य का केंद्र सरकार पर हमला, 27 दिसंबर को धरना

चाईबासा : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पश्चिमी सिंहभूम के जिला सचिव राहुल आदित्य ने लेटर जारि करते हुए कहा है कि केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा देश की महत्वाकांक्षी रोजगार योजना मनरेगा को रद्द कर VB-GRAM-G बिल 2025 को जबरन पारित करना उसकी गरीब-विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी योजना करोड़ों ग्रामीण गरीबों के लिए जीवनरेखा है, जिसे समाप्त कर केंद्र सरकार गरीब, मजदूर और आदिवासी विरोधी नीति अपना रही है। इसके विरोध में झामुमो द्वारा दिनांक 27 दिसंबर 2025 (शुक्रवार) को पुराना डीसी कार्यालय, चाईबासा के समक्ष पूर्वाह्न 11 बजे से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।

इस धरना-प्रदर्शन में केंद्रीय समिति के पदाधिकारीगण,केंद्रीय सदस्यगण,जिला समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यगण,
जिला स्तरीय वर्ग संगठन के पदाधिकारीगण,प्रखंड/नगर अध्यक्ष-सचिव सहित पार्टी के सभी स्तर के पदाधिकारी एवं सम्मानित कार्यकर्तागण की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

झामुमो जिला सचिव राहुल आदित्य ने सभी पार्टी साथियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

धान क्रय केंद्रों पर किसानों की तिहरी मार बोरा, वजन और नियम, सब मनमाना:- धी.रामहरि पेरियार

धान क्रय केंद्रों पर किसानों की तिहरी मार बोरा, वजन और नियम, सब मनमाना:- धी.रामहरि पेरियार

धान खरीद में जूट–सूत्री बोरा के नाम पर जिला भार किसानों से लूट का आरोप

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले में सरकारी धान खरीद व्यवस्था किसानों के लिए राहत नहीं, बल्कि शोषण का जरिया बनती जा रही है। धान क्रय केंद्रों पर जूट बोरा और सूत्री बोरा को लेकर किसानों से मनमानी, अवैध शर्तें और वजन कटौती किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
        एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धी.रामहरि पेरियार  ने उपायुक्त, पश्चिम सिंहभूम को शिकायत देकर बताया कि किसानों पर जबरन जूट बोरा लाने की शर्त थोपी जा रही है, जबकि बाजार में जूट बोरा उपलब्ध नहीं है और सरकार इसकी आपूर्ति सुनिश्चित नहीं कर पा रही है।
       उन्होंने आरोप लगाया कि सूत्री बोरा (प्लास्टिक बोरा) में लाए गए धान को कभी अवैध बताकर खरीद से इनकार किया जाता है, तो कभी उसी बोरे में धान लेकर मनमाने ढंग से वजन काटा जाता है। वहीं जूट बोरा में भी प्रति बोरा 4 से 5 किलो तक अवैध कटौती की जा रही है।
        रामहरि ने कहा कि अलग-अलग क्रय केंद्रों पर अलग-अलग नियम लागू होना इस बात का प्रमाण है कि धान खरीद नियमों से नहीं, बल्कि सुविधा और दलाली के आधार पर हो रही है।
       उन्होंने सवाल उठाया कि जब बोरा सरकारी नहीं है, तो उस पर सरकारी शर्त कैसे थोपी जा सकती है।
उन्होंने मांग की कि सभी धान क्रय केंद्रों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और किसानों को हुई क्षति की भरपाई कराई जाए। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो किसान और जन संगठन आंदोलन व न्यायालय का रुख करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

चक्रधरपुर में द्वितीय किली सामाड वार्षिक जोमसुईम का आयोजन

चक्रधरपुर में द्वितीय किली सामाड वार्षिक जोमसुईम का आयोजन

पश्चिमी सिंहभूम : चक्रधरपुर स्थित डुकरी कुकड़ा उड़ा ऐतिहासिक मैदान में द्वितीय किली सामाड वार्षिक जोमसुईम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और खूंटी जिले से बड़ी संख्या में सामाड हगेया (स्वजातीय बंधु) शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत परंपरा के अनुसार दियुरी द्वारा पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर गोहारी (प्रार्थना) के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विभिन्न गांवों से आए सामाड हगेया का मंच पर परिचय कराया गया, जिससे आपसी भाईचारा और एकता मजबूत हुई।

इस अवसर पर समाज के प्रबुद्धजनों ने सामाड समाज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। विजय सिंह सामाड ने स्वागत भाषण में समाज की एकता और सहयोग को आवश्यक बताया। मंच का संचालन मुचिया सामाड ने किया। मुख्य अतिथि भूपेश सामाड (जज) ने समाज के संवैधानिक अधिकारों और पहचान को बनाए रखने का संदेश दिया। मानकी कृष्ण सामाड, शिक्षक मनोहर सामाड, दियुरी सुरेन्द्र सामाड और पूर्व विधायक शशिभूषण सामाड ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जोमसुईम के अवसर पर बच्चों से लेकर बड़ों तक ने पारंपरिक नृत्य एवं गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष श्रीराम सामाड, सचिव बांगुर सामाड और कोषाध्यक्ष अभय पार्थिक सामाड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान पूर्व मुखिया सुशीला सामाड सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन, ताम्बो पैंथर्स विजेता

तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन, ताम्बो पैंथर्स विजेता

चाईबासा : सदर प्रखंड में आयोजित चम्पाई चैंपियंस ट्रॉफी तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सरायकेला विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन की प्रतिनिधि श्रीमती रानी बाँदिया उपस्थित रहीं, जिन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किया।
प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने भाग लिया। आईपीएल की तर्ज पर टीमों को दो वर्गों में बांटकर लीग मैचों का आयोजन किया गया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में ताम्बो पैंथर्स ने अंतिम गेंद पर जीत दर्ज करते हुए पताहातु पाइरेट्स को 8 विकेट से पराजित किया। वहीं ताम्बो वारियर्स को तीसरा और हिल टॉप गुटूसाई को चौथा स्थान प्राप्त हुआ।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। अभिषेक बोदरा (ताम्बो वारियर्स) को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, कपिलदेव पूर्ति (ताम्बो पैंथर्स) को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज एवं मैन ऑफ द टूर्नामेंट, जबकि मोहम्मद आमिर (यंग बॉयज क्लब) को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार दिया गया।
श्रीमती रानी बाँदिया ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की एवं प्रथम से चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 30 हजार, 20 हजार, 10 हजार एवं 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी। उन्होंने ग्रामीण स्तर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर सहयोग की बात कही।

समाहरणालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित

समाहरणालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित

सरायकेला : समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के दोनों अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सभी थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी क्रिसमस एवं नववर्ष पर्व, जिले में प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम तथा खरसावां शहीद दिवस के मद्देनजर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही नवंबर माह में घटित विभिन्न अपराधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र उद्भेदन का निर्देश दिया गया। नवंबर माह में निष्पादित कांडों एवं यूडी कांडों की थानावार समीक्षा कर दिसंबर माह में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन पर जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नवंबर माह में जिले में डायल 112 का औसत रिस्पांस टाइम 9 मिनट 19 सेकंड रहा, जिसे सराहनीय बताते हुए डायल 112 में कार्यरत कर्मियों को पुरस्कृत किया गया।

बैठक में अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए चल रहे जागरूकता सह सत्यापन अभियान की समीक्षा कर उसे और प्रभावी बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने, 01 जनवरी 2020 से 30 नवंबर 2025 तक लंबित IIF-V की अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र भरने का निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिया गया।

विगत तीन माह में दर्ज संपत्तिमूलक अपराधों की थानावार समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के उद्भेदन के निर्देश दिए गए। साथ ही अपराध नियंत्रण, सुगम यातायात व्यवस्था और पुलिस की दृश्यता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित ‘प्रहरी’ पहल की समीक्षा कर संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कुचाई व खरसावां में पांच जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास

कुचाई व खरसावां में पांच जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास

खरसावां : खरसावां विधानसभा क्षेत्र के विधायक दशरथ गागराई की धर्मपत्नी सह समाजसेवी बासंती गागराई एवं विधायक प्रतिनिधि अर्जुन गोप ने कुचाई के चंपद गांव में 600 फीट पीसीसी सड़क, उत्क्रमित मध्य विद्यालय मधुडीह में दो अतिरिक्त कक्षा कक्ष तथा कुचाई के सिकरंबा और कांडेरांगो में आंगनवाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा खरसावां के कदमबेडा (बिटापुर) में भी आंगनवाड़ी केंद्र भवन निर्माण का शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बासंती गागराई का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, कुचाई प्रखंड अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा, ,सचिव मुन्ना सोय,रुगुडीह पंचायत मुखिया करम सिंह मुंडा,बीस सूत्री अध्यक्ष राम सोय,युवा मोर्चा जिला संगठन सचिव राहुल सोय,छात्र मोर्चा जिला सचिव दशरथ महतो,श्यामघन प्रधान, केंद्रीय समिति सदस्य रानी हेंब्रम,खरसावां प्रखंड भाग 02 प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मी तांती, संगीता रजक, गुलापी तियु, बिटापुर पंचायत मुखिया इंद्रजीत उरांव, प्रखंड सचिव खिरोद प्रामाणिक, ग्राम प्रधान मंगला उरांव, राजेश दालबेहरा सहित कई जनप्रतिनिधि, झामुमो कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

चक्रधरपुर में श्रीनिवास रामानुजन जयंती सह राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया गया

चक्रधरपुर में श्रीनिवास रामानुजन जयंती सह राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया गया

पश्चिमी सिंहभूम : चक्रधरपुर के पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम, पंप रोड में सोमवार को महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती सह राष्ट्रीय गणित दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद चन्द्र प्रधान ने भारत माता एवं श्रीनिवास रामानुजन के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को रामानुजन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति से कोई भी कार्य असंभव नहीं होता। उन्होंने श्रीनिवास रामानुजन को भारत का महान एवं असाधारण गणितज्ञ बताया, जिन्हें बचपन से ही गणित में विशेष रुचि थी और यही रुचि उन्हें महान उपलब्धियों तक ले गई।
आचार्य सौभीक घटक ने श्रीनिवास रामानुजन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने गणित में हजारों सूत्रों की खोज की। उनके कार्यों से प्रभावित होकर प्रो. हार्डी ने उन्हें इंग्लैंड बुलाया, जहां दोनों ने मिलकर महत्वपूर्ण गणितीय शोध किए।
कार्यक्रम का संचालन मीना कुमारी ने किया। उन्होंने बताया कि रामानुजन की स्मृति में कक्षा स्तर पर गणित एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जयश्री दास, शांति देवी, मीना कुमारी, स्वस्तिक सोय, भारती कुमारी एवं जयंती तांती का सराहनीय योगदान रहा।

त्रिदिवसीय अटल स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 का भव्य शुभारंभ

त्रिदिवसीय अटल स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 का भव्य शुभारंभ

चाईबासा : स्थानीय फुटबॉल ग्राउंड में त्रिदिवसीय अटल स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 का रंगारंग एवं भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद पार्टी ध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन हुआ। उद्घाटन मैच का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने फुटबॉल को किक मारकर किया।
यह प्रतियोगिता देशरत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित की जा रही है। इसमें सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की विभिन्न टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता के लिए लगभग 150 टीमों ने आवेदन किया था, जिनमें से दस्तावेजों की जांच के बाद लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से 64 टीमों का चयन किया गया।
प्रतियोगिता के पहले दिन 24 टीमों के बीच मुकाबले खेले गए। आयोजन समिति ने बताया कि 23 दिसंबर को फाइनल मैच खेला जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹1,00,000, उपविजेता को ₹70,000, तृतीय स्थान को ₹50,000 और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹30,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सभी के सहयोग की अपील की है।