Blog

चाईबासा कांग्रेस भवन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस

चाईबासा कांग्रेस भवन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस

चाईबासा : कांग्रेस भवन में बुधवार को कांग्रेसजनों द्वारा संविधान दिवस उत्साहपूर्ण एवं गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माण ड्राफ्टिंग कमिटी के अध्यक्ष भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्य मरांग गोमके के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई।

इसके बाद कांग्रेसजनों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन गर्व के साथ किया। कार्यक्रम के तहत “संविधान बचाओ” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जो प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार आयोजित की गई।

संगोष्ठी में बिहार विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री देवेंद्र नाथ चांपिया ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक आत्मा का प्रतिबिंब है। इसमें समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे मूल्य हर नागरिक को अधिकारों के साथ कर्तव्य भी देते हैं। संविधान की मूल भावना “सबका सम्मान, सबका अधिकार” को जमीन पर लागू करना आज की आवश्यकता है।

राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुनीत शर्मा ने कहा कि भारत का संविधान सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा माध्यम है। बाबा साहेब के सपनों के भारत को साकार करने के लिए संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और संवर्धन जरूरी है। संविधान ने हमें गरिमा के साथ जीने का अधिकार दिया है।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि संविधान दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि लोकतांत्रिक पर्व है। कांग्रेस हमेशा संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और जनाधिकारों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रही है।

संगोष्ठी में कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों ने भी विचार व्यक्त किए।
मौके पर कांग्रेस जिला महासचिव कैरा बिरुवा, लियोनार्ड बोदरा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, शिक्षा विभाग चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान, जिला सचिव जगदीश सुंडी समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

खरसावां में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास

खरसावां में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास

खरसावां : खरसावां प्रखंड के बुरूडीह पंचायत स्थित कोल बुरूडीह गांव में ग्रामीणों की उपस्थिति में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर खरसावां विधायक दसरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

आंगनबाड़ी केंद्र बनने से गांव के बच्चों को नर्सरी स्तर की शिक्षा और पोषण संबंधी सुविधाएं अब गांव में ही मिल सकेंगी। इससे स्थानीय परिवारों को काफी सुविधा होगी और बच्चों के प्रारंभिक विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

सेवा का अधिकार सप्ताह’ का प्रभावी क्रियान्वयन — जिले के 21 पंचायतों और नगर निकायों में लगे शिविर, 22 हज़ार से अधिक आवेदन प्राप्त

सेवा का अधिकार सप्ताह’ का प्रभावी क्रियान्वयन — जिले के 21 पंचायतों और नगर निकायों में लगे शिविर, 22 हज़ार से अधिक आवेदन प्राप्त

सरायकेला : सरायकेला–खरसावाँ जिले में ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत चौथे दिन भी विशेष पंचायत स्तरीय शिविरों का सफल आयोजन जारी रहा। जिले के 21 ग्राम-पंचायतों और नगर निकाय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में लगे शिविरों में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन उत्साहपूर्वक जमा किए गए। जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 22,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने सभी बीडीओ, सीओ एवं विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।


इन पंचायतों में लगे शिविर :-

• सरायकेला प्रखंड: कमलपुर, मुड़कुम
• खरसावाँ प्रखंड: दलाइकेला, जोजोडीह
• कुचाई प्रखंड: रुगुडीह, मरांगहातु
• राजनगर प्रखंड: डुमरडीह, बाना, गेंगरूली
• गम्हरिया प्रखंड: डूडरा, जयकान, ईटागढ़
• चांडिल प्रखंड: हेसाकोचा, मतकमडीह, धुनाबुरु
• इचागढ़ प्रखंड: लेपाटांड, चिमटीया
• नीमडीह प्रखंड: गुण्डा, आदरडीह
• कुकड़ू प्रखंड: ईचाडीह, जानुम

साथ ही नगर निकाय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में भी शिविर लगाकर नागरिकों के आवेदन स्वीकार किए गए।



इन सेवाओं के लिए अधिकतम आवेदन :-

• आय, जाति, आवासीय प्रमाण पत्र

• जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र

• राशन कार्ड, दाखिल–खारिज

• भूमि धारण प्रमाण पत्र, भूमि मापी

• दिव्यांग, विधवा एवं वृद्धा पेंशन

• झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम, 2011 के अंतर्गत सेवाएं

• अन्य कल्याणकारी योजनाएं

• SHG/क्लस्टर सदस्यों के बीच आईडी कार्ड का वितरण


जिला प्रशासन के अनुसार 21 से 29 नवंबर तक चल रहे इस अभियान में जिलेवासियों की सक्रिय भागीदारी लगातार जारी है।



उपायुक्त ने मुड़कुम पंचायत में लिया जायजा

सरायकेला प्रखंड के मुड़कुम पंचायत में शिविर का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि –

• सभी विभागीय स्टॉलों पर आवेदन प्रपत्रों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
• संबंधित विभागीय पदाधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य हो।
• प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा कर अधिकतम मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने उपस्थित नागरिकों से आग्रह किया कि वे योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार आवेदन जमा करें और अपने आसपास के वंचित परिवारों को भी शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण एवं योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन देने के निर्देश भी जारी किए।

तीन वर्ष बाद मिला न्याय — पांगा पंचायत के मुखिया सहित तीन लोग अदालत से बरी

तीन वर्ष बाद मिला न्याय — पांगा पंचायत के मुखिया सहित तीन लोग अदालत से बरी

पश्चिमी सिंहभूम : मंझारी प्रखंड के पांगा पंचायत से जुड़े एक गंभीर मामले में तीन वर्ष बाद न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। चाईबासा न्यायालय ने पंचायत के मुखिया हरिन तामसोय, पंचायत समिति सदस्य खेमकरण बिरुवा और एक अन्य सहअभियुक्त को सभी आरोपों से मुक्त करते हुए दोषमुक्त करार दे दिया।

यह मामला 12 जुलाई 2022 का है, जब जांगीबुरु घाटी में पेट्रोल से भरा एक टैंकर पलट गया था। इस हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बन गया। पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने आवाज उठाई।

इसी दौरान तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) की ओर से आरोप लगाया गया कि आंदोलन के दौरान सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। इसके आधार पर मंझारी थाना में IPC की धारा 147, 149 और 353 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बताया जाता है कि राजनीतिक दबाव के कारण प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज हुई और तीनों को कारा मंडल, चाईबासा में जेल भी जाना पड़ा।

लगभग तीन वर्ष चली कानूनी लड़ाई के बाद आज न्यायालय ने स्पष्ट रूप से माना कि आरोप निराधार थे। अदालत ने सभी अभियुक्तों को पूरी तरह दोषमुक्त करते हुए बरी कर दिया।

संविधान दिवस पर गोष्ठी आयोजित — सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में किया गया माल्यार्पण

संविधान दिवस पर गोष्ठी आयोजित — सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में किया गया माल्यार्पण

खूंटी : संविधान दिवस के अवसर पर सांसद श्री कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने की। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा संविधान की महत्ता पर एक गोष्ठी आयोजित की गई।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि किसी भी स्वतंत्र राष्ट्र के सुचारू संचालन के लिए संविधान की आवश्यकता होती है। भारत ने विभिन्न देशों की कानूनी व्यवस्थाओं से प्रेरणा लेकर अपना संविधान बनाया, जिससे सभी वर्गों को समानता और आजादी का अधिकार सुनिश्चित हुआ।

वहीं सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि जब तक किसी देश का संविधान निर्मित नहीं होता, तब तक वह प्रगति नहीं कर सकता। उन्होंने संविधान निर्माताओं का आभार जताते हुए कहा कि हमें संविधान की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग :


प्रदेश सचिव पीटर मुंडू, सहकारिता प्रकोष्ठ के महासचिव नाईमुदीन खां, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, जिला प्रवक्ता रविकांत मिश्रा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता गोप, नगर अध्यक्ष गुलाम गौश, जेम्स तोपनो, जुलयूस कन्डुलना, हेलेन तिडूं, सन्धू पुर्ती, सुन्दरमनी हंस, ईन्दुआन्ना हस्सा, सुषमा भेंगरा, मगरीता खेस, अनीता नाग, सुसारी पुर्ती, जुनैद खान, सुहेल आन्सारी, फिरोज आलम, बन्धू गझूं, बसंत सुरीन, प्रनीत तोपनो, अरूण सांगा, अजय किशोर मुण्डा, अनीस मांझी, माईकल तिडूं, धूमेश लोहरा, अगनेश बोदरा, अनुपमा ज्योति ओढया, सुनीता कच्छप, जोन बोदरा आदि शामिल थे।

रीडिंग पंचायत में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न — विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल

रीडिंग पंचायत में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न — विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल

खरसावां : खरसावां प्रखंड के रीडिंग पंचायत अंतर्गत सरना क्लब प्रधानगोडा एवं डीपासाई की पहल पर दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में खरसावां विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

विधायक गागराई ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल को सदैव शांतिपूर्ण और खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। साथ ही उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर खेल के क्षेत्र में अपने लक्ष्य तक पहुंचने का संकल्प लें।

समारोह में समाजसेवी बासंती गागराई, जिला परिषद सदस्य भाग-2 कालीचरण मुंडा, कांग्रेस प्रदेश सचिव सह सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मी तांती, लालन तिवारी, राजेश दालबेहरा और रघुनाथ गोप समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

संविधान दिवस पर सामूहिक रूप से पढ़ी गई प्रस्तावना — पश्चिमी सिंहभूम समाहरणालय में अधिकारियों ने दोहराया संकल्प

संविधान दिवस पर सामूहिक रूप से पढ़ी गई प्रस्तावना — पश्चिमी सिंहभूम समाहरणालय में अधिकारियों ने दोहराया संकल्प

पश्चिमी सिंहभूम : संविधान दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला समाहरणालय परिसर के प्रथम तल पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पठन किया और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में अपर उपायुक्त प्रवीन केरकेट्टा, सामान्य शाखा उप-समाहर्ता देवेंद्र कुमार, गोपनीय शाखा प्रभारी कुमार हर्ष, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी एवं समाहरणालय के कर्मी उपस्थित रहे।

सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही उन्होंने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समान अवसर और व्यक्ति की गरिमा सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा बंधुता को बढ़ावा देने का संकल्प भी इस अवसर पर लिया गया।

जलुगड़ा पहुंचे सांसद कालीचरण मुंडा — स्वतंत्रता के बाद पहली बार किसी सांसद ने लिया गांव का हाल, पूर्व मुखिया से की मुलाकात

जलुगड़ा पहुंचे सांसद कालीचरण मुंडा — स्वतंत्रता के बाद पहली बार किसी सांसद ने लिया गांव का हाल, पूर्व मुखिया से की मुलाकात

खूंटी : अड़की प्रखंड के बोहोण्डा पंचायत अंतर्गत सुदूर जंगलों में बसे जलुगड़ा गांव में खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा पहुंचे। यह गांव जिला मुख्यालय से लगभग 55 किमी दूर है और कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है। स्वतंत्रता के बाद यह पहला अवसर था जब कोई सांसद इस गांव पहुंचे।

सांसद मुंडा का मुख्य उद्देश्य पूर्व मुखिया मुर्गी मुंडा से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जानना था। वे उनके घर पहुंचे और करीब एक घंटे तक बातचीत की। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के लिए सदैव सक्रिय रहे पूर्व मुखिया मुर्गी मुंडा इन दिनों लकवा ग्रस्त हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। बावजूद इसके वे समाज की समस्याओं को लेकर चिंतित रहते हैं। सांसद ने उनके इलाज में हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

सांसद के गांव पहुंचने पर सनिका समद, सुजीत समद, रोतोन समद, कल्याण समद, बिरसा समद, रेला समद सहित कई ग्रामीणों ने स्वागत किया और प्रसन्नता व्यक्त की। ग्रामीणों ने सांसद को गांव की समस्याओं से संबंधित एक आवेदन भी सौंपा।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें :

• पुलिया से स्कूल तक सड़क निर्माण

• बुसुडीह से उपरटोली जलुगड़ा तक सड़क निर्माण

• अखड़ा के पास चबूतरा निर्माण

• उपरटोली जलुगड़ा में जलमीनार की स्थापना

• अधूरे स्कूल भवन का कार्य पूरा करना


सांसद कालीचरण मुंडा ने खूंटी लौटकर संबंधित विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं को समस्याओं के जल्द समाधान का निर्देश दिया।

कोल्हान के कराईकेला और खूंटपानी प्रखंडों में धूमधाम से संविधान दिवस मनाया गया — सामूहिक रूप से पढ़ी गई प्रस्तावना, ग्रामीणों ने लिया संकल्प

कोल्हान के कराईकेला और खूंटपानी प्रखंडों में धूमधाम से संविधान दिवस मनाया गया — सामूहिक रूप से पढ़ी गई प्रस्तावना, ग्रामीणों ने लिया संकल्प

कोल्हान : पश्चिम सिंहभूंम  के कराईकेला प्रखंड के हुडाँगदा पंचायत और दोपाई प्रखंड में धुम-धम संविधान दिवस मनाया गया। कराईकेला प्रखंड प्रमुख में पीटर घनश्याम तियु जिला परिषद सदस्य बसंती पूर्ति, मुखिया गीता बानरा, लक्ष्मी गागराई समेत प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय कर्मचारी के साथ -साथ स्थानीय ग्रामीण, मुंडा, एवं स्वयंसेवी संस्था के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इधर खूंटपानी प्रखंड दोपाई गाँव में संविधान दिवस के अवसर पर हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना सामूहिक रूप से पढ़कर की गई।
ग्रामीणों ने समता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया। साथ ही संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करने की प्रतिज्ञा दोहराई।
स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाया। संविधान दिवस के मौके पर जागरूकता और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सम्मान का संदेश पूरे गाँव में फैलाया गया।

संविधान कोई औपचारिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह उन करोड़ों लोगों की आशा, अधिकार और सुरक्षा की नींव है, जिनके लिए यह देश आज भी बराबरी का वादा पूरा नहीं कर पाया है:- धी. रामहरि पेरियार

संविधान कोई औपचारिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह उन करोड़ों लोगों की आशा, अधिकार और सुरक्षा की नींव है, जिनके लिए यह देश आज भी बराबरी का वादा पूरा नहीं कर पाया है:- धी. रामहरि पेरियार

चाईबासा : आज संविधान दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय और समानता के सवालों पर एंटी करप्शन आफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व प्रत्याशी धी. रामहरि पेरियार ने वर्तमान व्यवस्था पर तीखी और निर्भीक टिप्पणी की।
      धी. रामहरि पेरियार ने कहा कि संविधान दिवस पर भाषण देने वाले वही लोग हैं, जिनकी नीति और नीयत ने आज भी दलित, आदिवासी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को जकड़कर रखा है। संविधान को मंचों पर सजाने वालों को मैं साफ चेतावनी देता हूँ, यह देश बाबासाहेब का है, मनुवादी सोच का नहीं। जब तक न्याय, बराबरी और सम्मान हर घर तक नहीं पहुँचता, हमारी लड़ाई न रुकेगी, न झुकेगी और न थमेगी।
   उन्होंने कहा कि संविधान कोई औपचारिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह उन करोड़ों लोगों की आशा, अधिकार और सुरक्षा की नींव है, जिनके लिए यह देश आज भी बराबरी का वादा पूरा नहीं कर पाया है।
     उन्होंने आगे कहा कि आज भी आरक्षण पर सुनियोजित हमला किया जा रहा है। आज भी व्यवस्थागत भेदभाव सामाजिक ढांचे में जिंदा है।
    सत्ता, मीडिया, न्याय और नीतिगत संस्थाओं में वंचित तबकों का प्रतिनिधित्व आज भी न्यूनतम है।
     जाति आधारित हिंसा और भेदभाव के मामलों में न्याय अब भी दूर की चीज बना हुआ है।
   पेरियार ने स्पष्ट कहा कि यह संघर्ष किसी सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि अन्याय की उस सोच के खिलाफ है जो संविधान के मूल सिद्धांतों को कमजोर करती है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले महीनों में देशभर में एक व्यापक संवैधानिक जागरूकता और अधिकार सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा, जिसमें युवाओं, महिलाओं, मजदूरों, किसानों और समाज के वंचित वर्गों को बड़ी संख्या में जोड़ा जाएगा।
    उन्होंने यह भी कहा हम संविधान के प्रति निष्ठा रखते हैं, लेकिन उन ताकतों से समझौता नहीं करेंगे जो बराबरी के अधिकारों को मिटाना चाहती हैं। अगर किसी को समस्या है तो साफ सुन ले, हम आवाज उठाते रहेंगे, चाहे कितनी भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।
    अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि संविधान को केवल किताबों में नहीं, जीवन और संघर्ष में जिंदा रखें।