maskal.news

1044 Posts
मुरुप गांव में अर्जुन पुस्तकालय का वार्षिक समारोह, मैट्रिक परीक्षा 2025 के टॉपर छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

मुरुप गांव में अर्जुन पुस्तकालय का वार्षिक समारोह, मैट्रिक परीक्षा 2025 के टॉपर छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

सरायकेला : सरायकेला प्रखंड के मुरुप गांव स्थित अर्जुन पुस्तकालय का वार्षिक उत्सव उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर वर्ष 2025 की मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मुरुप गांव के आठ टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सम्मानित विद्यार्थियों में सिम्मी महतो (88.4%), मोनिका प्रमाणिक (83.4%), शिल्पा महतो (76.2%), धबलेश्वर प्रमाणिक (75.2%), रबीना प्रमाणिक (71.2%), निखिल प्रमाणिक (69.8%), खुशबू प्रधान (65.8%) और चंदना दास (65%) शामिल रहीं।
अर्जुन पुस्तकालय के अध्यक्ष हेमसागर प्रधान ने टॉपर विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित किया और कहा कि यह सम्मान उनकी प्रतिभा को और आगे बढ़ाने का कार्य करेगा तथा उन्हें अपने लक्ष्य की ओर ऊंची उड़ान भरने के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अर्जुन पुस्तकालय के युवाओं का सहयोग सराहनीय रहा। मौके पर मुरुप गांव के ग्राम प्रधान जीतमोहन महतो सहित कई गणमान्य लोग और सैकड़ों बच्चे उपस्थित थे।

डांगोवापोसी में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन

डांगोवापोसी में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन

चाईबासा : डांगोवापोसी स्थित आर.पी.एफ. पोस्ट में अखिल भारतीय मूलनिवासी अनुसूचित जाति संघ एवं युवा एकता संघ डांगोवापोसी के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन माननीय विधायक सह मुख्य उप-सचेतक (सत्तारूढ़ दल) श्री सोनाराम सिंकु ने रिबन काटकर किया।

इस अवसर पर विधायक श्री सिंकु ने कहा कि देश में प्रतिदिन दुर्घटना, ऑपरेशन, प्रसव एवं गंभीर बीमारियों के कारण बड़ी संख्या में लोगों को रक्त की आवश्यकता होती है। समय पर रक्त उपलब्ध न होने से कई जानें चली जाती हैं, ऐसे में रक्तदाता ही वास्तविक जीवनदाता होते हैं। उन्होंने बताया कि रक्तदान से शरीर को कोई नुकसान नहीं होता, बल्कि नए रक्त कण बनने की प्रक्रिया तेज होती है।

शिविर में रक्त संग्रह का कार्य ब्लड बैंक चाईबासा, नेत्र जांच संजीव नेत्रालय चाईबासा तथा स्वास्थ्य जांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगन्नाथपुर की चिकित्सा टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कोल्हान प्रभारी एससी विभाग सह कार्यकारी जिला अध्यक्ष कामगार सूरज मुखी, जगन्नाथपुर प्रखंड महासचिव क्रांति तिरिया, रक्त सेवा सदस्य के संस्थापक संतोष पंडा सहित कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, रेलवे कर्मचारी, महिला समूह एवं भारत स्काउट एंड गाइड तथा डीपीएस के छात्र उपस्थित रहे।

शिविर को सफल बनाने में आर.पी.एफ. पोस्ट डांगोवापोसी के ओ.सी. विजेंद्र कुमार, एस.आई. राय, ए.एस.आई. सागर चंद्र एवं उनके विभाग का विशेष योगदान रहा।

झामुमो पश्चिमी सिंहभूम की जिला बैठक 1 फरवरी को

झामुमो पश्चिमी सिंहभूम की जिला बैठक 1 फरवरी को

चाईबासा : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पश्चिमी सिंहभूम जिला समिति की बैठक 1 फरवरी 2026, रविवार को सुबह 11 बजे सन साइन रेस्टोरेंट हॉल में आयोजित की जाएगी।
जिला सचिव राहुल आदित्य ने बताया कि यह बैठक केंद्रीय समिति के निर्देश और जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के आदेशानुसार बुलाई गई है। बैठक में केंद्रीय समिति के पदाधिकारी, जिला समिति के पदाधिकारी, सभी जिला स्तरीय संगठनों के अध्यक्ष व सचिव, साथ ही चक्रधरपुर और चाईबासा नगर समिति के अध्यक्ष व सचिवों की उपस्थिति अनिवार्य है।
बैठक के प्रमुख एजेंडा में सदस्यता अभियान, BLA-2 पर विचार-विमर्श और जिले के दो नगर निकाय चुनावों पर चर्चा शामिल है। जिला समिति ने सभी पदाधिकारियों से समय पर उपस्थित होकर सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

चांडिल क्षेत्र में अवैध खनन और बालू भंडारण पर जिला खनन विभाग ने छापा मारा

चांडिल क्षेत्र में अवैध खनन और बालू भंडारण पर जिला खनन विभाग ने छापा मारा

सराइकेला : उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर आज 28 जनवरी 2026 को जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में चांडिल अनुमंडल में अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान तिरुलडीह थाना क्षेत्र के मौजा–सपादा और सिरकाडीह में लगभग 1,10,000 घनफीट अवैध बालू जब्त किया गया। वहीं, इसी क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के लिए इस्तेमाल की जा रही एक जेसीबी मशीन को भी जब्त कर तिरुलडीह थाना को सुपुर्द किया गया।
ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मौजा–सोड़ो जारगोडीह में लगभग 45,000 घनफीट अवैध बालू जब्त किया गया। जब्त बालू की ई-नीलामी जल्द की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा–झीमडी में लाल टुंगरी (एकलव्य विद्यालय परिसर) में लौह अयस्क के अवैध उत्खनन के तीन बड़े गड्ढे पाए गए। इसके संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मानगो नगर निगम चुनाव: वार्ड 09 से विजय सोय को मिला सामाजिक संगठनों व नेताओं का समर्थन

मानगो नगर निगम चुनाव: वार्ड 09 से विजय सोय को मिला सामाजिक संगठनों व नेताओं का समर्थन

जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में वार्ड संख्या 09 से प्रत्याशी विजय सोय के समर्थन में कई सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता सामने आए हैं। समर्थन की घोषणा के बाद क्षेत्र में चुनावी माहौल और अधिक सक्रिय हो गया है।
समर्थन करने वाले संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि विजय सोय लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करते रहे हैं। वे निःशुल्क शिविरों के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ते हैं। जरूरत पड़ने पर अस्पताल में इलाज या रक्तदान के लिए भी वे स्वयं आगे बढ़कर मदद करते हैं।
उनके प्रयासों से सैकड़ों लोगों को राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, ई-श्रम कार्ड, आभा कार्ड, वृद्धा व विधवा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। इसके साथ ही वे स्वास्थ्य, शिक्षा, खेलकूद और बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, नाली, बिजली और पेयजल से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय रहे हैं।
सामाजिक संगठनों और नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले प्रत्याशी को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विजय सोय को समर्थन देकर वार्ड के विकास में भागीदार बनें।

प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, अंकित ब्रदर्स बनी विजेता

प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, अंकित ब्रदर्स बनी विजेता

चाईबासा : युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से पूर्ति स्पोर्टिंग क्लब करलाजुड़ी के तत्वावधान में आयोजित प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपई सोरेन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। फुटबॉल जैसे खेल ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 48 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में अंकित ब्रदर्स ने विजेता का खिताब जीता, जबकि नाइट बुलेट की टीम उपविजेता रही। टीएसएनआर एफसी और एक मुंडा फुटबॉल टीम ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं सांख्य-16 वर्ग में बीएफए और दक्षिण कोल्हान बड़ा गुइरा की टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद सदस्य लालमुनी पूर्ति, भाजपा एसटी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रानी बंदिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में पूर्ति स्पोर्टिंग क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता

सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता

सरायकेला : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत की उपस्थिति में समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता की।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड के प्रेस नोट संख्या 187 (दिनांक 27 जनवरी 2026) के अनुसार जिले के नगर निकाय क्षेत्रों में नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 कराया जाएगा। निर्वाचन की घोषणा के साथ ही आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद और सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और संबंधित व्यक्तियों को इसका अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। बिना अनुमति सभा, जुलूस या लाउडस्पीकर के उपयोग पर कार्रवाई की जाएगी। आचार संहिता या निर्वाचन नियमों के उल्लंघन पर विधिसम्मत कार्रवाई होगी।
उपायुक्त ने नगर निकाय क्षेत्रों के मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने कहा कि शांतिपूर्ण और भयमुक्त निर्वाचन कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अति-संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। अवैध शराब, नकद वितरण और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक के लिए विशेष टीम और फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया है। सोशल मीडिया पर भ्रामक और नफरत फैलाने वाली सामग्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। लाइसेंसी हथियार धारकों को निर्धारित समय सीमा में अपने हथियार संबंधित थाना में जमा करने का निर्देश दिया गया है।
मतदान केंद्रों का विवरण
आदित्यपुर नगर निगम: 35 वार्ड, 136 मतदान केंद्र
कपाली नगर परिषद: 21 वार्ड, 31 मतदान केंद्र
सरायकेला नगर पंचायत: 11 वार्ड, 13 मतदान केंद्र
मतदाताओं का विवरण
आदित्यपुर नगर निगम: कुल 1,39,889 मतदाता
कपाली नगर परिषद: कुल 33,766 मतदाता
सरायकेला नगर पंचायत: कुल 10,762 मतदाता
निर्वाचन कार्यक्रम
निर्वाचन की सूचना प्रकाशन: 28 जनवरी 2026
नाम निर्देशन पत्र दाखिल: 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026
नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा: 5 फरवरी 2026
अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि: 6 फरवरी 2026
निर्वाचन प्रतीक आवंटन: 7 फरवरी 2026
मतदान: 23 फरवरी 2026 (सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक)
मतगणना: 27 फरवरी 2026 (सुबह 8 बजे से)
निर्वाचन से संबंधित अद्यतन जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट seraikela.nic.in पर उपलब्ध रहेगी।
प्रेस वार्ता में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

नगर पालिका चुनाव–2026 को लेकर उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में कोषांगों के साथ समीक्षा बैठक

नगर पालिका चुनाव–2026 को लेकर उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में कोषांगों के साथ समीक्षा बैठक

चाईबासा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री चंदन कुमार की अध्यक्षता में नगर पालिका चुनाव–2026 के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर सभी गठित कोषांगों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों से अब तक की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कोषांगों द्वारा अपने-अपने दायित्वों के तहत किए गए कार्यों और प्रगति की भी समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि नगर पालिका चुनाव–2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके।

बैठक में सभी कोषांगों के नोडल, प्रभारी पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

जराईकेला के ग्राम समता में पुलिस–कम्युनिटी कार्यक्रम, ग्रामीणों से संवाद और सहायता सामग्री का वितरण

जराईकेला के ग्राम समता में पुलिस–कम्युनिटी कार्यक्रम, ग्रामीणों से संवाद और सहायता सामग्री का वितरण

चाईबासा : नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से चाईबासा जिला पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में आज जराईकेला थाना अंतर्गत ग्राम समता में एक विशेष पुलिस–कम्युनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ठंड से बचाव के लिए ग्रामीणों के बीच कंबल, चादर और मच्छरदानी का वितरण किया गया। वहीं बच्चों को पढ़ाई की सामग्री और फुटबॉल देकर शिक्षा व खेल को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यधारा में लौटने पर सरकार सम्मानजनक जीवन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराती है।

इस कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर मनोज रजक, प्रेम बैठा, भीमराव बासिंग, ग्राम मुंडा नोदो सुरीन, इसराइल गोदसोरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे मौजूद थे। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में मनरेगा व आवास योजनाओं की समीक्षा बैठक

उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में मनरेगा व आवास योजनाओं की समीक्षा बैठक

चाईबासा : उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार की अध्यक्षता में मनरेगा एवं विभिन्न आवास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं से जुड़े विभिन्न मानकों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बंदगांव, झींकपानी, आनंदपुर, मनोहरपुर, गोइलकेरा और गुदड़ी के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा के तकनीकी सहायक (सहायक अभियंता) तथा आवास योजना के प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे।
उप विकास आयुक्त ने मनरेगा अंतर्गत श्रमिकों के ई-केवाईसी, सोशल ऑडिट के बाद की गई कार्रवाई, लंबित योजनाओं की पूर्णता, मानव दिवस सृजन, प्रति ग्राम न्यूनतम पांच योजनाओं के क्रियान्वयन तथा श्रमिकों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही दीदी बाड़ी योजना, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, बिरसा सिंचाई कूप, अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास और प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत लंबित आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिन योजनाओं में कार्य पूर्ण नहीं हुआ है, उन्हें भौतिक रूप से पूरा कराया जाए या फिर व्यय की गई राशि की नियमानुसार वसूली सुनिश्चित की जाए।
वहीं अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर झींकपानी, टोंटो, मझगांव, सोनुवा, कुमारडूंगी और नुआमुंडी के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया।