सरायकेला-खरसावां | जिले के महुलडीह गांव में शनिवार को झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ साथी एवं पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के करीबी सहयोगी रहे स्वर्गीय जोगेश्वर टुडू की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा एवं समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने स्वर्गीय जोगेश्वर टुडू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर झारखंड आंदोलन में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद किया।

अपने संबोधन में चंपई सोरेन ने कहा कि स्वर्गीय जोगेश्वर टुडू ने झारखंड आंदोलन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

उनका संघर्ष, समर्पण और समाज सेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के ऐसे समर्पित सेनानियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, झारखंड आंदोलनकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय जोगेश्वर टुडू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का माहौल श्रद्धा, सम्मान और स्मरण से ओत-प्रोत रहा।


