चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 किलोग्राम अफीम, 7 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हजारीबाग निवासी राहुल कुमार साहू के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बंदगांव थाना पुलिस ने मुख्य सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान एक चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 7 किलोग्राम अफीम, 7 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके से आरोपी राहुल कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि अफीम तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसकी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


