चाईबासा | पश्चिम सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल, चाईबासा में मंगलवार को खुंटपानी प्रखंड के प्रमुख सह समाजसेवी सिद्धार्थ होनहागा ने सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों की समस्या को प्रमुखता से उठाया।

सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि पश्चिम सिंहभूम जिले का एकमात्र बड़ा सरकारी अस्पताल होने के कारण चाईबासा सदर अस्पताल पर बड़ी संख्या में मरीज निर्भर हैं। थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को अक्सर रक्त की आवश्यकता होती है, लेकिन रक्त की कमी के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, खासकर दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को।

इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने नियमित रक्तदान अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने सहमति प्रदान की। तय किया गया कि 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सदर अस्पताल, चाईबासा में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।

इस अभियान के तहत हर महीने कम से कम 200 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है। सिद्धार्थ होनहागा ने जिले के सभी युवाओं और आम लोगों से अपील की है कि वे 14 अप्रैल को आयोजित रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और “रक्तदान, जीवनदान, महादान” के संदेश को सफल बनाएं।
मौके पर जिला अस्पताल के डिस्टिक सुपरिटेंडेंट शिव चरण हांसदा तथा खुंटपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. आलोक रंजन महतो भी उपस्थित थे।

