चक्रधरपुर | चक्रधरपुर-रांची मुख्य मार्ग (NH-75) पर सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अनुमंडल कार्यालय के समीप एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गिर गई, जिसमें सवार फादर कुंदन मालूवा घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी सुरक्षित हैं

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेड चर्च के फादर कुंदन मालूवा अपनी पत्नी के साथ रांची से चक्रधरपुर लौट रहे थे। असनतलिया स्थित अनुमंडल कार्यालय के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया के नीचे जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को कार से बाहर निकाला और तुरंत चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में फादर कुंदन मालूवा के कमर में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है।

घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को वजह माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी हटा दिया गया है।

