चाईबासा | पश्चिम सिंहभूम जिले में नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत दोनों नगर परिषद सीटों की मतगणना महिला कॉलेज, चाईबासा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। सुबह शुरू हुई मतगणना देर शाम तक चली, जिसके बाद परिणाम घोषित किए गए।

चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद पर सन्नी उरांव ने 11,331 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी विजय सिंह गागराई को 10,270 वोट मिले। कांटे की टक्कर के बाद सन्नी उरांव ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए विजय हासिल की।

वहीं, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद पर नितिन प्रकाश ने 6,978 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमेश खिरवाल को 6,474 वोट मिले। यहां भी मुकाबला काफी रोमांचक रहा।

दोनों सीटों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित उम्मीदवारों की जीत हुई, जबकि भारतीय जनता पार्टी को जिले में कोई सफलता नहीं मिली।
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। मतगणना केंद्र के बाहर भारी भीड़ जुटी और समर्थकों ने अबीर-गुलाल लगाकर तथा नारेबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल रहा।

