चाईबासा | नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत 27 फरवरी को प्रस्तावित मतगणना को लेकर महिला कॉलेज, चाईबासा स्थित मतगणना परिसर में संयुक्त ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने की।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बताया कि मतगणना कार्य 27 फरवरी को सुबह 8:00 बजे से शुरू होगा। इससे पहले स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। चाईबासा नगर परिषद (वार्ड संख्या 18) एवं चक्रधरपुर नगर परिषद (वार्ड संख्या 17) के अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के अभ्यर्थियों का प्रवेश महाविद्यालय के मुख्य द्वार से होगा, जबकि अधिकृत मतगणना अभिकर्ताओं का प्रवेश मधु बाजार की ओर स्थित द्वार से कराया जाएगा। बिना अधिकृत पहचान पत्र के किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मतगणना कक्ष में किसी भी प्रकार की सामग्री ले जाना प्रतिबंधित रहेगा, केवल कागज और कलम की अनुमति होगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए सभी अधिकारी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाएं। किसी भी भ्रम या समस्या की स्थिति में तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मतगणना के बाद संभावित विजय जुलूस को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आयोजन की समाप्ति तक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे।
मतगणना के लिए चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में 20 और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में 25 टेबल लगाए गए हैं। दोनों क्षेत्रों में दो राउंड में मतगणना होगी। प्रत्येक टेबल पर एक पर्यवेक्षक और दो कर्मी तैनात रहेंगे। कुल 135 मतगणना कर्मियों की नियुक्ति की गई है। वहीं, शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

