चाईबासा | नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत पुलिस अधीक्षक एवं चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक की उपस्थिति में स्कॉट हिंदी बालिका मध्य विद्यालय, चाईबासा के विभिन्न कक्षों में मतगणना कर्मियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

यह प्रशिक्षण 27 फरवरी 2026 को सुबह 8:00 बजे से महिला कॉलेज, चाईबासा में होने वाली मतगणना को लेकर आयोजित किया गया था। इस दौरान चाईबासा एवं चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के लिए प्रतिनियुक्त मतगणना पर्यवेक्षकों सहित कुल 168 मतगणना कर्मियों (रिजर्व सहित) को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में कर्मियों को मतगणना के दिन उनके दायित्वों की बिंदुवार जानकारी दी गई। साथ ही मत पेटिकाओं का प्रत्याशियों एवं अभिकर्ताओं के समक्ष प्रदर्शन, सील खोलने की प्रक्रिया, मतपत्रों का पृथक्करण, मतों की गिनती तथा प्रपत्रों के संधारण संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।


