गोइलकेरा | गोइलकेरा बाजार क्षेत्र में सड़क निर्माण और चौड़ीकरण के लिए अब भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई नहीं की जाएगी। मनोहरपुर के झामुमो विधायक जगत माझी द्वारा विधानसभा में उठाए गए सवाल के जवाब में पथ निर्माण विभाग ने यह जानकारी दी।

दरअसल, गोइलकेरा बाजार के इंदिरा चौक से साप्ताहिक हाट बाजार तक सड़क निर्माण के लिए भू-अर्जन विभाग ने रैयतों को जमीन अधिग्रहण का नोटिस जारी किया था। यह नोटिस गोइलकेरा से सेरेंगदा के बीच बन रही सड़क का हिस्सा बताकर पिछले वर्ष 9 दिसंबर को दिया गया था।

इस पर रैयतों ने आपत्ति जताते हुए विधायक जगत माझी से शिकायत की। उनका कहना था कि बाजार से गुजरने वाली सड़क का अधिग्रहण पहले ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा किया जा चुका है। ऐसे में पथ प्रमंडल मनोहरपुर द्वारा दोबारा भूमि अधिग्रहण करना नियमों के खिलाफ है। नियमों के अनुसार इस सड़क का निर्माण एनएचएआई द्वारा ही किया जाना चाहिए।

विधायक ने 25 फरवरी को तारांकित प्रश्न के माध्यम से यह मामला सदन में उठाया। इसके बाद पथ निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया कि इस मामले में भूमि अधिग्रहण की कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। विभाग के इस फैसले से गोइलकेरा बाजार क्षेत्र के रैयतों को बड़ी राहत मिली है।

