मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र के तिरिलपोसी गांव में उड़ीसा के बालेश्वर जिले का श्याम सुंदर बेहरा उर्फ अज्जू बेहरा भटकते हुए पहुंच गया। ग्रामीणों ने उसे गांव में घूमते देखा और तुरंत सीआरपीएफ कैंप को सूचना दी।

सीआरपीएफ के उड़ीसा के जवानों ने उड़िया भाषा में युवक से बातचीत कर उसके घर का पता लगाने का प्रयास किया। जानकारी मिलने पर जराईकेला थाना को सूचित किया गया। थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान ने उड़ीसा के बालेश्वर स्थित थाने से संपर्क कर युवक के परिजनों को मामले की जानकारी दी।

इसके बाद युवक के मामा जराईकेला पहुंचे और श्याम सुंदर को अपने साथ घर ले गए। पुलिस ने परिजनों को युवक के स्वास्थ्य का ध्यान रखने और इलाज कराते रहने की सलाह दी। साथ ही आश्वासन दिया कि युवक को सुरक्षित ट्रेन में भेजा जाएगा।

पुलिस और सीआरपीएफ की तत्परता से युवक अपने परिवार से मिल सका, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।

